कलेक्टर को प्राचार्यों के निलंबन का अधिकार नहीं,आंदोलन की दी चेतावनी
रायपुर,11 मई 2026। बोर्ड परीक्षा के खराब परिणामों के आधार पर बालोद कलेक्टर ने जिले के 8 प्राचार्यों को निलंबित कर दिया है। इसके विरोध में छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस कार्रवाई को एकतरफा, अधिकार क्षेत्र से परे तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के प्रतिकूल बताया गया।
परीक्षा परिणाम में कमी कदाचरण नहीं : फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि केवल परीक्षा परिणाम में कमी को गंभीर कदाचार मानकर निलंबन की कार्रवाई करना सेवा नियमों की भावना के अनुरूप नहीं है। बैठक में यह भी कहा गया कि प्राचार्य पद के नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी शासन है। प्रचलित नियमों के अनुसार प्राचार्यों के निलंबन संबंधी निर्णय शासन स्तर पर ही लिया जाना चाहिए। अतः कलेक्टर द्वारा जारी निलंबन आदेश विधिसम्मत प्रतीत नहीं होता।
शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेगा फेडरेशन : प्राचार्य फेडरेशन ने यह भी निर्णय लिया है कि इस विषय पर शिक्षा मंत्री एवं विभागीय सचिव से भेंट कर उक्त कार्रवाई को निरस्त करने की मांग की जाएगी। यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस बैठक में संरक्षक कमल वर्मा प्रांतीय संयोजक कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, एम आर खान प्रदेश अध्यक्ष, अनुराग ओझा, धर्मेंद्र सिंह ठाकुर, चमेली वर्मा, डॉक्टर भारती अग्रवाल, डॉ अनुपमा श्रीवास्तव, सुनीता टेंभुणे, आर पी दास, विश्वास गोवर्धन, के एल मतावले, संतोष शर्मा आदि उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur