छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएंगे सीएम
रायपुर,20 अप्रैल 2026। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज राजधानी रायपुर में विशाल ‘आक्रोश रैली’ निकाली। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत पार्टी के दिग्गज नेता और हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में सीएम साय ने घोषणा की कि इस मुद्दे पर विपक्ष के अडि़यल रुख के खिलाफ छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा और सदन में निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रैली के समापन पर कड़े शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महिलाओं के उत्थान के लिए निर्णय ले रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को पास नहीं होने दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ की माताएं और बहनें इस अपमान से आक्रोशित हैं, जिसका जवाब विधानसभा के विशेष सत्र में निंदा प्रस्ताव के जरिए दिया जाएगा। यह रैली छत्तीसगढ़ में महिला वोट बैंक को साधने और आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को रक्षात्मक स्थिति में लाने की बड़ी राजनीतिक कोशिश है। आगामी चुनावों से पहले ‘नारी शक्ति’ के अपमान को मुद्दा बनाकर बीजेपी प्रदेश के बड़े वर्ग को अपने पाले में करने की रणनीति पर काम कर रही है।
इंडोर स्टेडियम से निकली हुंकार : राजधानी के इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई इस आक्रोश रैली में महिलाओं का जबरदस्त हुजूम देखने को मिला। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और महिला आरक्षण बिल के मार्ग में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान कहा कि बीजेपी महिलाओं को उनका हक देने के लिए प्रतिबद्ध है,जबकि कांग्रेस ने हमेशा उनके अधिकारों का दमन किया है। रैली में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रमुखता से शिरकत की।
इसके अलावा सांसद रूपकुमार चौधरी,कमलेश जांगड़ें,और लक्ष्मी वर्मा सहित प्रदेश भर से आई महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने एक सुर में कहा कि बिल पास न होने के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति जिम्मेदार है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur