वैभव तेलीबांधा,राजेश संभालेंगे शारदा चौक जोन,आठ जोन में अफसरों का तबादला
रायपुर,11 अप्रैल 2026। राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। यातायात एवं प्रोटोकॉल शाखा द्वारा जारी आदेश के तहत 8 निरीक्षकों को अलग-अलग ट्रैफिक जोन में तैनात किया गया है। यह तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और अगले आदेश तक जारी रहेगी। नई व्यवस्था के तहत रक्षित निरीक्षक वैभव मिश्रा को भनपुरी से हटाकर तेलीबांधा जैसे व्यस्त जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक राजेश सिंह को शारदा चौक क्षेत्र की कमान सौंपी गई है, जहां ट्रैफिक का दबाव काफी अधिक रहता है। निरीक्षक पारस पटेल को भाठागांव, राकेश ठाकुर को भनपुरी और भावेश गौतम को पंडरी थाना क्षेत्र में पदस्थ किया गया है।
अम्बरीश शर्मा संभालेंगे फाफाडीह : इसी क्रम में निरीक्षक अम्बरीश शर्मा को फाफाडीह और मनोज कुमार साहू को कालीबाड़ी जोन की जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि निरीक्षक अमित कुमार कौशिक को यातायात मुख्यालय में प्रभारी बनाते हुए आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), शिकायत सेल और वीआईपी ड्यूटी जैसे अहम विभागों का दायित्व सौंपा गया है।
जहां ज्यादा होता विवाद, वहां
अनुभवी निरीक्षकों को पोस्टिंग
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल शहर के संवेदनशील और व्यस्त ट्रैफिक प्वाइंट्स को ध्यान में रखकर किया गया है। जिन क्षेत्रों में जाम और अव्यवस्था की समस्या ज्यादा रहती है। जहां पर जांच के दौरान विवाद की स्थिति रहती है। वहां पर अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। विभाग का मानना है कि इस बदलाव से न केवल ट्रैफिक मैनेजमेंट बेहतर होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी। साथ ही आईटीएमएस और डिजिटल निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने से नियमों का पालन और सख्ती से कराया जा सकेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur