रायपुर,03 अप्रैल 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व, माल लदान,यात्री सुविधाओं और तकनीकी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इन उपलब्धियों की जानकारी मीडिया से साझा की। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस दौरान रेलवे ने आधारभूत संरचना के विकास,नई रेल लाइनों के निर्माण, चौथी लाइन परियोजनाओं में प्रगति और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया। साथ ही यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई नई पहलें भी की गईं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रायपुर मंडल ने राजस्व,संरक्षा, तकनीकी नवाचार एवं यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेल में एक आदर्श मंडल के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 3.87 प्रतिशत (लगभग 4 प्रतिशत) की वृद्धि हासिल की है और 46.44 मिलियन टन लदान कर 4983 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रायपुर मंडल को 46.33 मिलियन टन लदान का लक्ष्य दिया गया था। रायपुर मंडल ने पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 44.73 मिलियन टन लदान कर 4818 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया था। इस उपलब्धि के पीछे आधुनिक लोडिंग अवसंरचना, ग्राहक-केंद्रित नीतियां, डिजिटल पहल तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रायपुर रेल मंडल द्वारा कोयला, स्टील प्लांट के लिए रॉ मटेरियल, पिग आयरन,फिनिश्ड स्टील,आयरन ओर,सीमेंट,फूड ग्रेन, फर्टिलाइजर आदि का माल लदान किया गया है। रायपुर मंडल नए अवसर बनाने में सफल रहा है, साथ ही भारतीय रेल के प्रमुख शीर्ष मंडलों में 9वें स्थान पर रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur