-संवाददाता-
रायपुर,29 मार्च 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को मोदी की गारंटी के तहत वर्ष 2017 से 2026 तक के 86 माह के डीए एरियर्स के भुगतान की मांग को लेकर गठित संगठन ‘एक मांग एक मंच’ की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक राजधानी रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में संरक्षक डॉ. डी. पी. मनहर मुख्य अतिथि रहे तथा अध्यक्षता चंद्रिका सिंह ने की। सरगुजा संभाग की ओर से सुजान बिन्द सहित अन्य प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में प्रांतीय संयोजक करन सिंह अटेरिया ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी एवं पेंशनर अपनी एकसूत्रीय मांग को लेकर शासन की उपेक्षा से आक्रोशित हैं। उन्होंने बताया कि मांग पूरी होने तक पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान जारी रहेगा। बैठक के दौरान प्रांतीय संरक्षक अनिल शुक्ला द्वारा प्रस्तुत चार प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके तहत निर्णय लिया गया कि डीए एरियर्स के मुद्दे पर मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री से मुलाकात कर चर्चा की जाएगी।
साथ ही इस मामले में उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका दायर नहीं करने का निर्णय लिया गया। आगामी दो माह में मुख्यमंत्री के आतिथ्य में प्रांतीय सम्मेलन आयोजित करने तथा संगठन का जिला स्तर तक विस्तार करने पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों एवं पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को भी मंच के माध्यम से उठाने का निर्णय लिया गया। बैठक को ओ. पी. शर्मा,डॉ. डी. पी. मनहर, चंद्रिका सिंह, सुजान बिन्द,गोपाल साहू,गंगा शरण पासी,जयश्री साहू, दुलेश्री कुर्रे,ममता गायकवाड़,प्रदीप बोगी, सूरज प्रसाद देवांगन,डी. पी. पाण्डेय,डी. डी. मानिकपुरी,प्रकाश जाधव एवं बी. पी. पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय प्रवक्ता विद्या भूषण दुबे ने किया। बैठक में प्रदेशभर से 52 पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur