12 की हालत गंभीर,इनमें बच्चे-महिलाएं भी,नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे…
बालोद,23 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ग्रामीणों से भरी पिकअप अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हैं। घटना मंगचुआ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक पिकअप सवार ग्रामीण नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी मोड़ पर पिकअप बेकाबू हो गई और ड्राइवर ने भी अपना कंट्रोल खो दिया,जिसके कारण वाहन पलट गया। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को पंचनामा कर मॉर्चुरी में रखवा दिया है। आज दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम होगा, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुःख
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगचुआ थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने घायल लोगों के समुचित उपचार और हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगतों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मोड़ पर पिकअप पलटी
जानकारी के अनुसार ग्राम पद्देटोला के ग्रामीण पिकअप में सवार होकर खलबत्तर गांव नामकरण संस्कार में गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद लौटते समय भंवरमरा नेताम टोला मोड़ पर ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ऐसे में पिकअप सड़क किनारे पलट गई, जिससे लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में मान बाई (68) और नंदिनी (40) की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि 12 से अधिक लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur