रायपुर,21 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित धर्मांतरण कानून को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कानून केवल दिखावे के लिए लाया गया है और इसका उद्देश्य वोटों का ध्रुवीकरण करना है। बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस कानून से यह गारंटी है कि अब धर्मांतरण पूरी तरह रुक जाएगा। इसके साथ ही बैज ने राज्य में सामने आ रहे अवैध अफीम खेती के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ के तमनार में अफीम की खेती के खुलासे पर उन्होंने भाजपा पर संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह चौथा मामला है, जो यह दर्शाता है कि ऐसे अवैध कार्य सरकार की शह पर चल रहे हैं। एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में गैस की किल्लत से आम जनता परेशान है और लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर दाम बढ़ाने और कालाबाजारी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। वहीं,पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी बैज ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार दबाव बनाने के लिए फोर्स भेज रही है और अधिकारियों को हटाया जा रहा है,लेकिन कांग्रेस पूरी तरह तैयार है और सभी राज्यों में मजबूत स्थिति में है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur