Breaking News

अम्बिकापुर@मौसम का दोहरा असर,दिन में तेज धूप शाम को बारिश-ओले, किसान चिंतित

Share


मैनपाट में 20 मिनट की ओलावृष्टि,आम-लीची व महुआ की फसल को नुकसान


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मार्च 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में इन दिनों मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी का एहसास हो रहा है,वहीं शाम होते ही मौसम अचानक बदल रहा है। बादल छाने के साथ कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मंगलवार रात मैनपाट में करीब 20 मिनट तक तेज ओले गिरे, जिससे खेत, खलिहान और सडकें सफेद चादर से ढंक गईं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। इसका असर अब साफ तौर पर नजर आ रहा है। मैनपाट के अलावा सीतापुर और आसपास के क्षेत्रों में भी छिटपुट ओले गिरे हैं। मंगलवार शाम से ही मैनपाट क्षेत्र में तेज हवाएं चलने लगी थीं और बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। रात करीब 11 बजे मौसम अचानक बिगड़ा और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। हालांकि देर रात होने के कारण लोग घरों में ही रहे, लेकिन सुबह जब लोग बाहर निकले तो कई इलाकों में ओलों की सफेद परत दिखाई दी। मौसम के इस बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
फसलों पर सीधा असर : बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर बागवानी फसलों पर पड़ा है। आम के पेड़ों में इस समय बौर और अंबिया आ रही हैं, जबकि महुआ गिरने का समय है। ऐसे में ओलों की मार से इन फसलों को नुकसान पहुंचा है। लीची के पेड़ों पर भी इसका असर देखा जा रहा है। इसके अलावा टमाटर की फसल को भी नुकसान हुआ है,जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply