लखेश्वर बघेल बने डिप्टी लीडर,दलेश्वर साहू चीफ व्हिप और दिलीप लहरिया डिप्टी व्हिप बनाए गए
रायपुर,22 फरवरी 2026। कांग्रेस विधायक दल में लखेश्वर बघेल को डिप्टी लीडर,दलेश्वर साहू को चीफ व्हिप और दिलीप लहरिया को डिप्टी व्हिप बनाया गया है। ये नियुक्तियां विधानसभा सत्र शुरु होने के ठीक पहले की गई हैं। विधानसभा में व्हिप का काम पार्टी के विधायकों को एकजुट रखना और महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी के निर्देश के अनुसार मतदान कराना होता है। बजट सत्र जैसे अहम सत्र में चीफ व्हिप और डिप्टी व्हिप की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होता है कि सभी विधायक महत्वपूर्ण चर्चा और मतदान के समय सदन में मौजूद रहें। अगर कोई विधायक व्हिप का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और 20 मार्च 2026 तक चलेगा। कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण होगा। 24 फरवरी को दोपहर 12ः30 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। यह विष्णु देव साय सरकार का तीसरा बजट होगा। सत्र के दौरान तीन प्रमुख विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंर्त्य विधेयक-2026 भी शामिल है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार,सत्र के लिए 2,813 प्रश्नों की सूचनाएं मिली हैं, जिनमें 1,437 तारांकित प्रश्न हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur