रायपुर, 18 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम डिवीजन और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में दबिश देकर दो महिला नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।
भाठागांव के पास पुलिस ने की घेराबंदी : पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा के भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा बेचने की फिराक में खड़ी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घेराबंदी कर संदेह के आधार पर दो युवतियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
शहडोल के गैंग से कनेक्शन : गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान खिलेश्वरी वर्मा (18 वर्ष, भनपुरी, रायपुर) और इसरत बानो (21 वर्ष, शहडोल, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी इसरत बानो मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के एक अंतर्राज्यीय नशा तस्करी गैंग से जुड़ी हुई है। पुलिस अब इन महिलाओं के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस’ खंगाल रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur