Breaking News

बिलासपुर@बिलासपुर में पाकिस्तान की हेरोइन की सप्लाई

Share


ड्रोन से पंजाब पहुंचती थी खेप,बॉर्डर से 200 मीटर दूर रह रहा था मेन सप्लायर,अरेस्ट

बिलासपुर,15 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 34 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। जांच में मिले इनपुट के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई। आरोपी को जिस गांव से पकड़ा गया, वह भारत-पाक सीमा से महज 200 मीटर दूर है। जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ भेजे जाते हैं। इसके बाद वहां से इन्हें अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किया जाता है। पुलिस का मानना है कि इसी नेटवर्क के जरिए बिलासपुर तक हेरोइन पहुंचाई जा रही थी। फिलहाल, मुख्य सप्लायर को पंजाब से ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। यहां उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। दरअसल, 1 फरवरी को चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और आर. रजिंदर कुमार (35) शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया था कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था। इसके बाद वह अपने साथी रजिंदर कुमार के साथ मिलकर हेरोइन को ऊंचे दामों पर बेचता था। तीनों को जेल भेजकर पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को हेरोइन सप्लाई चेन का अहम सुराग मिला।
इसके बाद पुलिस टीम पंजाब के तरनतारन जिले पहुंची और खेमकरण थाना क्षेत्र से मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) के रूप में हुई है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply