Breaking News

धमतरी@धमतरी में बड़ा हादसा…ट्रक से टकराई कोबरा बटालियन के जवानों की कार, 4 जवानों का निधन

Share

धमतरी,14 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। ग्राम खपरी बाईपास के पास 201 कोबरा बटालियन के जवानों की कार की ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में बटालियन के 4 जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से एक डिज़ायर कार में सवार होकर आ रहे थे। खपरी बाईपास के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और जवान अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कार को काटकर जवानों को बाहर निकाला गया।
हादसे में दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, वहीं दो अन्य जवानों की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई। एक अन्य घायल जवान को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने सभी दिवंगत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क दुर्घटना में कोबरा बटालियन के जवानों के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक…
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज धमतरी में हुए सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के जवानों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित हमारे जांबाज जवानों का निधन अत्यंत हृदयविदारक है। यह अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में कोबरा बटालियन के जवानों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ नायब तहसीलदार पर महिला ने लगाए आपत्तिजनक प्रस्ताव देने के आरोप

Share सीतापुर थाने में शिकायत,मामले की जांच और कार्रवाई की मांग…अंबिकापुर,30 मई 2026 (घटती-घटना)। राजापुर …

Leave a Reply