यह बजट विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम : सीएम साय
रायपुर,01 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। कर्तव्य भवन में बना हुआ यह पहला बजट है, जिसमें देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख कर्तव्यों-आर्थिक विकास एवं रोजगार वृद्धि,जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ को केंद्र में रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब,किसान,युवा,महिला,मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को इस बजट का सीधा लाभ मिलेगा।
कृषि और ग्रामीण
अर्थव्यवस्था को मजबूती…
बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने,पशुपालन एवं डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की योजना बनाई गई है। साथ ही महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और छोटे करदाताओं के लिए आसान व्यवस्था की गई है। दवाइयां,कपड़े, जूते,मोबाइल,ईवी बैटरी,सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी,जिससे आम जनता को सीधी राहत मिलेगी। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर…
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। स्टार्टअप,एमएसएमई,मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। विदेश यात्रा और विदेशों में पढ़ाई भी पहले की तुलना में सस्ती होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल…
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज सहित अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन,हर जिले में इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना,मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मेडिकल टूरिज्म के लिए राज्यों में पांच रीजनल हब स्थापित किए जाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर होगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
बेहतर कनेक्टिविटी के अवसर मिलेंगे : अमर अग्रवाल
पूर्व मंत्री और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं,बल्कि सरकार का ठोस और दूरदर्शी संकल्प है। बीते 12 वर्षों में देश की आर्थिक यात्रा वित्तीय अनुशासन,नियंत्रित महंगाई और औसतन 7 प्रतिशत से अधिक की विकास दर के साथ आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि निवेश,उद्योग और रोजगार सृजन,पब्लिक इन्वेस्टमेंट और मजबूत वित्तीय प्रणाली पर विशेष जोर से छत्तीसगढ़ जैसे संसाधन-समृद्ध राज्य को औद्योगिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और नए रोजगार के अवसर मिलेंगे।
महिला सशक्तिकरण को नई दिशा
लखपति दीदी योजना के विस्तार के माध्यम से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थानीय बाजार से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उन्हें उच्च शिक्षा में सहायता मिलेगी।
उद्योग, शिक्षा और खेल को बढ़ावा
देश की आर्थिक मजबूती के लिए 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर,20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और 4 राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। वहीं खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा क्षेत्र में सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
विकसित भारत की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट का स्वागत करते हुए इसे ‘विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट’ बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट आम नागरिक के जीवन को सरल और सुगम बनाने वाला है,जिसमें देश के हर क्षेत्र और हर वर्ग की जरूरतों को धरातल पर जाकर समझते हुए प्रावधान किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए आर्थिक सुधारों की श्रृंखला को यह बजट और मजबूती देता है।
योजनाबद्ध तरीके से देश की ताकत और क्षमताओं के अनुरूप अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का जो क्रम शुरू हुआ, उसी का परिणाम है कि वैश्विक महामारी जैसी कठिन चुनौतियों के बावजूद भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह बजट उसी मजबूत नींव पर भविष्य की तेज रफ्तार तय करने वाला है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक सुधारों का सीधा लाभ आम जनता को मिला है। करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का आवास, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना, बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार, उत्पादन बढ़ाकर निर्यात को प्रोत्साहन—ये सभी प्रयास देश की अर्थव्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहे हैं। आज प्रस्तुत बजट इन सभी पहलों को आगे बढ़ाने वाला है। साव ने स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रावधानों को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। रांची और तेजपुर के मानसिक चिकित्सालयों को अपग्रेड करने, वहां शोध सुविधाएं विकसित करने तथा मधुमेह, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाईयों की कीमत कम करने के निर्णय को आमजन के हित में बड़ा कदम बताया। इसके साथ ही खादी, ग्रामोद्योग और हैंडलूम को बढ़ावा देकर ग्रामीण और घरेलू स्तर पर काम करने वाले लोगों को सशक्त करने की योजना को रोजगार सृजन की दिशा में प्रभावी बताया। साव ने कहा कि माइनिंग कॉरिडोर, अधोसंरचना विकास और निर्यात बढ़ाने वाले प्रावधान देश की आर्थिक गति को और तेज करेंगे। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी अभियान और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को सी-मार्ट के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने की पहल से आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार होगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट जनोन्मुखी, विकासपरक और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने वाला है। 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह बजट देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला सिद्ध होगा।
शराब-महंगी…मछली-सस्ती,छत्तीसगढ़
को बजट में कुछ नहीं मिला : भूपेश

भूपेश बघेल बोले ने मीडिया से बयान में बजट पर कहा कि ना कृषि क्षेत्र में, ना उद्योग क्षेत्र में,ना रोजगार मजदूरों के क्षेत्र में कुछ ऐलान हुआ। यही कारण है कि शेयर मार्केट धड़ाम से नीचे आ गिरा। बहुत निराशाजनक बजट है। सेलेब को जस के तस रखा गया है। इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ के लिए बजट में कोई नहीं ऐलान होने पर बघेल ने सराकर पर तंज किया। कहा कि छत्तीसगढ़ को अडानी के लिए छोड़ दिया गया। उनके लिए जगह रखा गया है। प्रदेश में शराब की दुकानें बढ़ा दी गई है। अब शराब महंगी कर दी गई। इससे अवैध शराब की बिक्री बढ़ेगी।
छत्तीसगढ़ को ठगने का किया काम : दीपक बैज

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में छत्तीसगढ़ के लिए कुछ नहीं है। छत्तीसगढ़ को ठगने का काम किया गया है। मोदी सरकार का बजट आते ही शेयर मार्केट गिर गया,क्योंकि ना ही महंगाई कम हुई और ना ही गरीब आदमी को कुछ मिला। इस बजट में क्षेत्रीय असमानता बहुत है। जिन राज्यों में आने वाले समय में चुनाव है,वहां चुनावी लाभ लेने उपकृत करने का काम मोदी सरकार ने किया है। बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने झूठ बोलने का काम किया है। इस बजट ने किसानों को ठगने का काम किया है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं किए,एक्ससाइज ड्यूटी नहीं घटाई। पिछले साल भी कहा था कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकाला। इस बार भी यही कहा।
इस बजट में बढ़ा कैपेक्स विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने केंद्रीय मंत्री निर्माला सीतारमण द्वारा 9वीं बार बजट पेश करने को ऐतिहासिक अवसर बताया। रविवार को देश में दूसरी बार बजट पेश हुआ। पहली बार 1999 में एनडीए सरकार में मंत्री यशवंत सिन्हां ने बजट किया था, जिसके बाद आज दूसरी बार ऐसा अवसर आया। पीएम मोदी के विजन 2047 की दिशा और भारत के लोगों के विकास की दृष्टि से यह दूर्शी बजट है। अधोसंरचना और विकास के संबंध में देश के लिए बड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। बजट के प्रमुख तीन बिंदुओ पर फोक्स रहा। इस बजट में कैपेक्स 11 लाख करोड़ से बढ़कर 12 लाख करोड़ हुआ। केंद्रीय बजट से छत्तीसगढ़ को मजबूती मिलेगी।
‘विकसित भारत’ के साथ खुशहाल छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला और छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक बजट बताया है। श्री अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक मंदी और अस्थिरता के दौर में भी देश की विकास दर को 7 प्रतिशत पर बनाए रखना मोदी सरकार की मजबूत आर्थिक नीति और दूरदर्शिता का प्रमाण है। यह बजट युवा, महिला सशक्तिकरण,रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में 12.2 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय प्रस्तावित है, जिससे देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज विकास होगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ को इसका सीधा लाभ मिलेगा। छत्तीसगढ़,ओडिशा और केरल में माइनिंग कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इससे कोयला,लौह अयस्क और बॉक्साइट क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी,परिवहन लागत घटेगी और औद्योगिक निवेश बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ सहित 8 राज्यों में जनजातीय स्वास्थ्य वेधशालाओं की स्थापना और जनजातीय स्कूलों में स्पोर्ट्स हब विकसित करने का प्रस्ताव सामाजिक विकास को नई दिशा देगा।
नारी शक्ति को नई मजबूती
श्री अग्रवाल ने बताया कि बजट में शी-मार्ट्स (स्॥श्व-रूड्डह्म्ह्लह्य) की घोषणा की गई है, जिसके तहत ‘लखपति दीदियों’ के लिए गांव-गांव में रिटेल आउटलेट खुलेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur