-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को सरगुजा जिले में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता घटकर मात्र 10 से 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
सडकों पर पास की वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिक ए.एम. भट्ट ने बताया कि इस समय मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ से प्रेरित एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य-उत्तरी भारत के ऊपर सक्रिय है। इसका प्रभाव उत्तरी छत्तीसगढ़, विशेषकर सरगुजा अंचल में देखा जा रहा है। बुधवार से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और गुरुवार सुबह घना कोहरा छा गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की सक्रियत व कोहरे के कारण अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार का अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं गुरवार को अधिकतम तापमान गिरकर 22.9 डिग्री पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम 11.9 डिग्री दर्ज किया गया है। सुबह के समय हाइवे पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहनों की गति काफी धीमी रही। कोहरे का असर लगभग सुबह 11 बजे तक बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे एक बार फिर ठंड की वापसी महसूस की जा सकती है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur