बोले…31 शव इतने दिनों तक क्यों रखे गए
रायपुर,15 मई 2025 (ए)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को बीजापुर पहुंचे और सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने हाल ही में हुए नक्सल ऑपरेशन को लेकर सवाल उठाए और कहा कि इस अभियान में बरामद किए गए हथियारों में अधिकांश एयरगन थे,जो हास्यास्पद है। उन्होंने पूछा,क्या नक्सलियों की मिलिट्री संगठन अब एयरगन जैसे हथियारों का उपयोग कर रही है?
बघेल ने 31 मारे गए नक्सलियों के शवों को कई दिनों तक रखने को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि मीडिया को इस ऑपरेशन की पूर्ण जानकारी क्यों नहीं दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने इस ऑपरेशन को नकारा था, तब प्रदेश के डीजीपी ने सार्वजनिक रूप से इसे सही ठहराते हुए उनके बयानों का खंडन कर दिया।
चमेदा के जंगल से बरामद हुए 10 कुकर और राशन
बघेल ने कहा कि चमेदा के जंगलों से कुछ कुकर और राशन का सामान बरामद करना कोई बड़ी सफलता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नक्सल कार्यवाही के नाम पर सैकड़ों निर्दोष लोगों को जबरन फंसाया जा रहा है,
और उन पर एनआईए की धाराएं
लगाकर जेल भेजा जा रहा है। पूर्व सीएम ने आगे कहा कि दक्षिण बस्तर में असामान्य स्थिति बन गई है, लोग डर के कारण पलायन कर रहे हैं। एनआईए सिर्फ आंकड़े दिखाने के लिए गिरफ्तारियां कर रही है, लेकिन आरोप साबित नहीं कर पा रही। बघेल ने स्वतंत्र जांच टीम गठित करने की मांग की और कहा कि भाजपा की सरकारों में आदिवासी समुदाय सबसे अधिक प्रभावित होता है।
सरकारी कर्मचारी नक्सल मामलों में जेल,झीपन सचिव निलंबित
पूर्व सीएम ने भोपाल पटनम के कुकनूर इलाके में बिना ग्राम सभा की अनुमति के शुरू किए जा रहे कोरण्डम खदान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि यह खदान उस बफर जोन में खोली जा रही है जहां तेंदूपत्ता तुड़ाई पर पाबंदी है। उन्होंने इस फैसले को ग्रामीणों के लिए जानलेवा करार दिया।उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सल मुक्त गांवों को एक करोड़ की योजनाएं दी जा रही हैं, जो अव्यवहारिक हैं और इससे ग्राम मुखिया और ग्रामीणों की जान को खतरा है। यहां शासन नाम की कोई चीज नहीं बची है, अधिकारों का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है। सुशासन की बात करने वाली भाजपा सरकार ने कांग्रेस काल में बनी योजनाओं को रद्द कर दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की योजनाएं केवल नारों और होल्डिंग्स तक सीमित हैं।
कर्रेगुट्टा पहाड पर नक्सल ऑपरेशन को लेकर सीएम साय ने किया तीखा पलटवार
छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना बॉर्डर पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ पर 24 दिनों तक ऑपरेशन चला। जिसमें 31 नक्सली मारे गए। इस पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल सवाल उठाते रहे। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज तीखा पलटवार किया है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत सभी जिलों में आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बीजापुर पहुंचे। जहां उन्होंने कर्रेगुट्टा पहाड़ में नक्सल ऑपरेशन में शामिल जवानों का हौसला बढ़ाया और 31 नक्सलियों को मार गिराने पर बधाई दी। वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी आज बीजापुर पहुंचे। यहां रवाना होने से पहले भूपेश बघेल कर्रेगुट्टा नक्सल ऑपरेशन को लेकर कई सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा था ऑपरेशन में मारे गए नक्सलियों के आंकड़ों और उनकी पहचान क्या है? मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलग अलग बयान क्यों सामने आए। भूपेश बघेल के इन्हीं बयानों और बीजापुर दौरे पर सीएम विष्णु देव साय ने पलटवार किया। सीएम विष्णु देव साय ने कहा एक साल से हम नक्सलवाद से मजबूती से लड़ रहे हैं। 5 साल उन्होंने कुछ किया नहीं, अब नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। सीएम साय ने भूपेश बघेल पर सवाल उठाते हुए कहा अपने समय में दौरा क्यों नहीं किए? निश्चित रूप से नक्सलवाद के खात्मे के लिए भाजपा की सरकार में नक्सलियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई है, तो वहीं यह भी सही है कि कांग्रेस सरकार में नक्सलवाद की घटनाओं में कमी आई थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur