भाजयुमो ने पारदर्शी क्रॉप कटिंग की उठाई मांग
कोरिया,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मंत्री मनीष साहू ने कोरिया जिला में फसल बीमा योजना के तहत हो रही कथित अनियमितताओं को लेकर कृषि विभाग को ज्ञापन सौंपा है,यह ज्ञापन उप संचालक कृषि,बैकुंठपुर को संबोधित किया गया है।
क्रॉप कटिंग प्रयोग में अनियमितता का आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों (जैसे गेहूं, सरसों आदि) के बीमा में क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं,नियमों के अनुसार,क्रॉप कटिंग प्रयोग किसानों,ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए,लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। इससे किसानों के अधिकारों का हनन होने और बीमा भुगतान में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।
किसानों के हितों पर पड़ सकता है असर
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि क्रॉप कटिंग सही तरीके से नहीं की जाती है, तो इससे फसल के वास्तविक उत्पादन का आंकलन प्रभावित होगा, जिसका सीधा असर किसानों को मिलने वाले बीमा मुआवजे पर पड़ेगा।
भाजयुमो ने रखीं प्रमुख मांगें…
ज्ञापन के माध्यम से भाजयुमो ने प्रशासन से निम्न मांगें की हैं सभी गांवों में क्रॉप कटिंग कार्यवाही किसानों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराई जाए, मौके पर ही वास्तविक रिपोर्ट तैयार कर उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाए,वास्तविक आंकड़ों के आधार पर ही बीमा दावा भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कार्रवाई नहीं होने पर दी चेतावनी
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो मामले को उच्च अधिकारियों, बीमा लोकपाल एवं न्यायालय तक ले जाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पारदर्शिता की मांग तेज
भाजयुमो ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए फसल बीमा योजना में पारदर्शिता बेहद जरूरी है, उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur