अम्बिकापुर,014 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पीजी कॉलेज के सभागार में मंगलवार को प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र को मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि संघ ने समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से कार्य किया है। मुख्य वक्ता ने पंच परिवर्तन की अवधारणा को विस्तार से बताते हुए कहा कि व्यक्तित्व निर्माण, परिवार प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत पर आधारित है, जो पूरी मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाती है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारतीय विचारधारा संतुलन और शांति का रास्ता प्रदान कर सकती है। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उपस्थित लोगों ने संघ के कार्य विस्तार, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी तथा नैतिक मूल्यों से जुड़े प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने सभी जिज्ञासाओं का समाधान उदाहरणों के साथ दिया। कार्यक्रम की प्रस्तावना नरेंद्र सिन्हा ने रखी, जबकि आभार प्रदर्शन सतीश मिश्रा ने किया। अध्यक्षता डॉ. पुष्पेंद्र पटेल ने की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur