Breaking News

अम्बिकापुर@नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजपा विधि प्रकोष्ठ की भव्य आम सभा

Share


अम्बिकापुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, सरगुजा इकाई द्वारा न्यायालय परिसर में छत्तीसगढ़ के नक्सल मुक्त घोषित होने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए एक भव्य आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं,कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर मिठाइयाँ बांटकर खुशी जाहिर की। सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहा, जिससे विकास की गति बाधित हुई। उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा, जब राज्य भय के वातावरण से निकलकर विकास और विश्वास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। संजय अम्बष्ट ने अपने उद्बोधन में कहा कि नक्सलवाद ने वर्षों तक गांवों, युवाओं और संसाधनों को प्रभावित किया, लेकिन अब मजबूत इच्छाशक्ति और प्रभावी नीतियों के चलते प्रदेश नक्सल मुक्त हो रहा है। यह परिवर्तन राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। रमेश शुक्ला ने कहा कि यह उत्सव केवल खुशी का प्रतीक नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष की जीत है। इससे कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और निवेश एवं विकास के नए अवसर खुलेंगे। पी.आर. कश्यप ने अपने वक्तव्य में कहा कि नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का अर्थ है सुरक्षित समाज, सशक्त युवा और समृद्ध भविष्य। अब शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगी और विकास की गति तेज होगी। प्रशांत शंकर त्रिपाठी ने इसे सुशासन, सुरक्षा बलों के पराक्रम और जनता के सहयोग का संयुक्त परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं अधिवक्ताओं ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत बताया। अंत में सभी ने छत्तीसगढ़ की शांति, विकास एवं समृद्धि के लिए संकल्प लिया तथा इस उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन धनंजय मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अरविन्द कन्नौजिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यानंद मिश्रा, प्रमोद तिवारी, श्याम नारायण पाण्डेय, सतीश शुक्ल, अमरेंद्र पाण्डेय, अमित पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, विनय दुबे, मानो शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर @मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने अपने जन्मदिन में किया रक्तदान महादान

Share सूरजपुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।सूरजपुर में 1 अप्रैल 2026 को जिला चिकित्सालय में ‘रक्तदान महादान’ …

Leave a Reply