- राशन के लिए भटकते गरीब,खड़गवां पीडीएस दुकान पर अव्यवस्था उजागर
- एक आदमी के लिए दुकान नहीं खोलेंगे” — हितग्राही से अभद्रता, मामला गर्माया
- समय पर नहीं खुलती राशन दुकान, शिकायत पर जांच के आदेश
- खड़गवां में पीडीएस व्यवस्था फेल,घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला राशन
- मनमानी से चल रही राशन दुकान गरीबों को समय पर नहीं मिल रहा अनाज
- शिकायत के बाद हरकत में प्रशासन,पीडीएस दुकान की जांच शुरू
- खाद्य विभाग पर उठा सवाल,शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां,01 अप्रैल 2026(घटती-घटना)। खड़गवां मुख्यालय स्थित सार्वजनिक वितरण प्रणाली दुकान एक बार फिर अव्यवस्था और मनमानी को लेकर सुर्खियों में है, शासन द्वारा निर्धारित समय पर दुकान नहीं खोली जा रही है और मनमाने समय पर संचालन किए जाने से हितग्राहियों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि दुकान संचालित करने वाला समूह नियमों को दरकिनार कर अपनी सुविधा के अनुसार दुकान खोलता है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा।
बड़ी कार्रवाई की संभावना
सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित समूह पर नोटिस जारी करने, निलंबन या दुकान संचालन निरस्त करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल जांच के आदेश के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटे हितग्राही
मंगलवार को मामला उस समय बढ़ गया जब हितग्राही अशोक कुमार लोधी राशन लेने दुकान पहुंचे, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी दुकान नहीं खुली। इसके बाद वे दुकान संचालक के घर पहुंचे, जहां कथित तौर पर उन्हें यह कहकर वापस कर दिया गया कि एक आदमी के लिए दुकान नहीं खोलेंगे, इससे नाराज होकर हितग्राही को बिना राशन लौटना पड़ा।
खाद्य निरीक्षक के जवाब पर उठा सवाल
इस मामले में जब खाद्य निरीक्षक से जानकारी लेने का प्रयास किया गया,तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल प्रतिक्रिया दी,जबकि पहले से दुकान के मनमाने समय पर खुलने की जानकारी होने के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला खाद्य अधिकारी से की शिकायत
परेशान होकर अशोक कुमार लोधी ने मोबाइल के माध्यम से जिला खाद्य अधिकारी और खाद्य निरीक्षक को शिकायत दर्ज कराई,शिकायत में बताया गया कि खड़गवां की पीडीएस दुकान लंबे समय से निर्धारित समय का पालन नहीं कर रही है,जिससे कार्डधारकों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जांच के दिए गए तत्काल आदेश
शिकायत मिलते ही जिला खाद्य अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए। खाद्य निरीक्षक को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करने और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
गरीब, मजदूर और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के अनियमित संचालन से सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों,बुजुर्गों और दूरदराज से आने वाले ग्रामीणों को हो रही है, कई लोग सुबह से लाइन में खड़े रहते हैं,लेकिन दुकान देर से खुलने या बंद मिलने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है, इससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग…
शिकायतकर्ता अशोक कुमार लोधी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी समूह संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो और हितग्राहियों को समय पर राशन मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur