जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं का लिया जायजा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
सुरक्षा एवं सीसीटीवी निगरानी का अवलोकन : निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसएसपी ने जेल परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भी अवलोकन किया और आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी बंदी बैरकों की सघन जांच की,जहां किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री नहीं पाई गई।
स्वास्थ्य और पोषण पर जोर
कलेक्टर श्री वसंत ने जेल अस्पताल का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। विशेष रूप से मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों के समुचित उपचार और महिला वार्ड में रह रहे बच्चों के समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और भोजन
की गुणवत्ता की जांच
अधिकारियों ने जेल की पाकशाला (किचन) और उद्योग इकाई का भी निरीक्षण किया। बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई, इसके साथ ही जेल परिसर और बैरकों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर मिली।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur