Breaking News

अम्बिकापुर@मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार,संचालक गिरफ्तार…

Share


स्विफ्ट कार से 95 नग कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद, करीब 7 लाख का माल जब्त
अम्बिकापुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने मेडिकल दुकान की आड़ में नार्कोटिक्स दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली कफ सिरप,इंजेक्शन के रैपर और एक कार समेत करीब 7 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 मार्च को सूचना मिली थी कि फुन्दुरडिहारी स्थित सिद्धी विनायक मेडिकल स्टोर का संचालक संदीप कुमार चौहान नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने संदीप को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मेडिकल स्टोर संचालित करता है। 30 मार्च की शाम वह एजेंसी से अपनी स्विफ्ट कार (सीजी 13 यूजी 9338) में 100 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप लेकर आया था, जिसमें से कुछ बेच चुका था और बाकी कार में रखा था।
कार की डिक्की से मिला नशीला सिरप
पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में दुकान के पास खड़ी कार की तलाशी ली गई। डिक्की में रखे कार्टन से 95 नग कोडीन फॉस्फेट व ट्राइपोलिडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा मौके से खाली रैपर और इंजेक्शन के वायल भी मिले। आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि वह पहले से नशीली कफ सिरप और इंजेक्शन का सेवन करता रहा है और इनकी अवैध बिक्री भी करता था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। जब्त सामग्री में 95 सीलबंद कफ सिरप, अल्प्राजोलम टैबलेट के खाली रैपर,इंजेक्शन वायल और घटना में प्रयुक्त कार शामिल है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई डीआईजी व एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में की गई। टीम में उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।


Share

Check Also

सूरजपुर @मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने अपने जन्मदिन में किया रक्तदान महादान

Share सूरजपुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।सूरजपुर में 1 अप्रैल 2026 को जिला चिकित्सालय में ‘रक्तदान महादान’ …

Leave a Reply