Breaking News

जांजगीर-चांपा@जांजगीर में बुजुर्ग दंपती की गला रेतकर हत्या,लूट के बाद इलाके में भारी तनाव

Share

जांजगीर-चांपा,01 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मंगलवार की देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग दंपती की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी का है। हमलावरों ने घर में सो रहे 62 वर्षीय संतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू पर धारदार हथियार से हमला किया और उनका गला रेत दिया। वारदात इतनी वीभत्स थी कि कमरे की दीवारों और फर्श पर चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। प्राथमिक दृष्टि में यह मामला लूटपाट का लग रहा है क्योंकि घर से कीमती जेवरात और नकदी गायब मिली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों का मुख्य उद्देश्य लूटपाट करना ही था। बताया जा रहा है कि घर से लगभग 70 से 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं। विशेष रूप से मृतिका श्याम बाई के गले से सोने का भारी हार गायब मिला है, जिसे अक्सर वह पहनकर रहती थीं। संतराम साहू खेती-किसानी के साथ-साथ एक पान की दुकान भी चलाते थे। हाल ही में 28 मार्च को उनके बड़े पोते की शादी संपन्न हुई थी, जिसके कारण घर में उत्सव का माहौल था और शायद इसी वजह से घर में गहने और नकदी मौजूद होने की सूचना हमलावरों को थी। वारदात वाली जगह पर पुलिस को कुछ ऐसी चीजें मिली हैं जिन्होंने जांच टीम को भी हैरान कर दिया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक ‘होली का मुखौटा’ और ‘नकली बाल’ (विग) बरामद किए हैं। इससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए इन स्वांगों का इस्तेमाल किया था ताकि कोई उन्हें पहचान न सके। इसके अलावा, फर्श और घर के बाहर सड़क पर खून से सने पैरों के निशान भी मिले हैं। इन निशानों की दिशा और गहराई को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस जघन्य हत्याकांड में एक से अधिक अपराधी शामिल रहे होंगे। इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब बुजुर्ग दंपती का बड़ा बेटा हरिशंकर साहू सुबह-सुबह अपने पिता के घर पहुंचा। वह खेत में दवाई का छिड़काव करने के लिए पिता से मिलने आया था। घर का मुख्य दरवाजा खुला देखकर उसे कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जैसे ही वह कमरे के भीतर दाखिल हुआ, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि उसके पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था।
हरिशंकर की चीख सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस की घेराबंदी और जांचः डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसपी विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुलमुला पुलिस के साथ-साथ बिलासपुर से आई एफएसएल (स्नस्रु) टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। जांच में पता चला है कि आरोपी घर के पास लगे एक पेड़ के सहारे दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। पुलिस अब परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और गांव के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ सुराग मिल चुके हैं और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।


Share

Check Also

सूरजपुर @मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने अपने जन्मदिन में किया रक्तदान महादान

Share सूरजपुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।सूरजपुर में 1 अप्रैल 2026 को जिला चिकित्सालय में ‘रक्तदान महादान’ …

Leave a Reply