बोले…‘हालेलुया’ वालों की ठठरी बांधी जाएगी,अब नहीं चलेगा धर्मांतरण का खेल
कोरबा,29 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के मुद्दे पर चल रही गरमागरम बहस के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है। कोरबा के ढपढप में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के पहले दिन शनिवार को श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मिशनरियों पर तीखा प्रहार किया। शास्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब हिंदुओं का धर्मांतरण नहीं होने दिया जाएगा और जो लोग राह भटक गए हैं,उनकी घर वापसी कराई जाएगी। कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री भावुक अंदाज में नजर आए। उन्होंने खुद को छत्तीसगढ़ का ‘भांजा’ बताते हुए कहा कि यह माता कौशल्या की धरती है और भांजा होने के नाते यहाँ उनका पूरा अधिकार है। उन्होंने कोरबा के महत्व को रेखांकित करते हुए चुटकी ली कि अगर यहाँ के लोग कोयला देना बंद कर दें,तो मध्य प्रदेश में अंधेरा छा जाएगा। पंडित शास्त्री ने क्षेत्र में सक्रिय मिशनरियों की ओर इशारा करते हुए कहा,यहाँ आसपास हालेलुया वाले भी रहते हैं,उनकी भी ठठरी मारी जाएगी। अब यह खेल नहीं चलेगा। उन्होंने रायगढ़,जशपुर और बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के हिंदुओं से आह्वान किया कि जिन-जिन को घर वापसी करनी है, उनके लिए यह सही मौका है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur