- सड़क,पुल-पुलिया निर्माण से लोगों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
- क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : कृषि मंत्री नेताम
-संवाददाता-
बलरामपुर,22 मार्च 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश के अनुसूचित जनजाति विकास, कृषि विकास एवं कृषक कल्याण,पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग मंत्री श्री रामविचार नेताम विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम पंचायत लिलौटी में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 15 करोड़ 45 लाख 95 हजार रुपये की लागत के साथ सड़क निर्माण कार्य, पीएम जनमन योजना के तहत 34 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से 10 मार्गों में वृहद पुल-पुलिया का निर्माण तथा छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मंडी बोर्ड के अंतर्गत 1 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से 7 कार्यों, कुल 52 करोड़ 7 लाख 71 हजार के 24 कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के 11 पंचायतों के 11 कीर्तन मंडलियों को स्वेच्छानुदान के तहत 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंहदेव, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी,नगरपालिका अध्यक्ष श्री लोधीराम एक्का,जिला पंचायत सदस्य श्री मुंशी राम,बद्री यादव,श्रीमती अनिता मरकाम, ग्राम लिलौटी के सरपंच श्री देवनारायण सिहं सहित क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक,अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब यह क्षेत्र अत्यंत पिछड़ा माना जाता था। यहां चलने के लिए ना पक्की सड़कें थीं,ना पुल-पुलिया और ना ही पेयजल एवं बिजली और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध थी। हमारी सरकार ने सबसे पहले ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर योजनाबद्ध तरीके से प्रस्ताव तैयार कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। जनता के सहयोग से आज निरंतर इन लक्ष्यों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर गरीब को अपना पक्का मकान मिले, जिसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही विद्युतविहीन क्षेत्रों में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर वहां निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा अंतिम व्यक्ति तक सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। इसी उद्देश्य के तहत आज 52 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों की नींव रखी गई है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान कृषि मंत्री ने अन्नदाताओं से विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ जैविक और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की बात कही। उन्होंने धान के साथ दलहन और तिलहन फसलों की खेती करने को भी प्रेरित किया। उन्होंने किसानों के आय में वृद्धि करने के लिए किसानों को दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और बकरी पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि किसान कम से कम संसाधनों में अधिक से अधिक लाभ अर्जित कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता ने कहा कि आज क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि 52 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सड़कों,पुल एवं पुल-पुलियों का निर्माण होगा,जिससे आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी तथा आमजन को बेहतर परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाना क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से निश्चित रूप से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़कों, पुल-पुलियों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि गांवों की तस्वीर भी बदलेगी और आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंहदेव ने कहा कि मंत्री श्री नेताम के द्वारा क्षेत्र को सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया के निर्माण से क्षेत्र का विकास होगा। इसके लिए उन्होंने कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur