-संवाददाता-
कोरबा,18 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आज यानी 18 मार्च को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। पाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज गति से आ रहा था और अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार युवकों को रौंदते हुए पलट गया। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
इस घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है। तीनों पोटापानी गांव के रहने वाले थे और दीपका स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह तीनों बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान नूनेरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद ट्रक पलट गया और शव उसके नीचे दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों को शव निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद ट्रक हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। ट्रक में लदा कोयला सड़क पर फैल गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सुबह करीब 10 बजे चक्काजाम कर दिया। वे मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। ंस्थिति को नियंत्रित करने के लिए पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 1.25-1.25 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा के बाद लोग शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur