Breaking News

दुर्ग-भिलाई@भिलाई में बच्चों के विवाद के बाद पथराव….

Share


सीएसपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल,भारी बल तैनात

दुर्ग-भिलाई,17 मार्च 2026 । छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर भिलाई में दो पक्षों के बीच उपजा मामूली विवाद एक बड़ी हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोनकर मोहल्ले में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। विवाद की शुरुआत खेल-खेल में बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बड़े लोग भी आमने-सामने आ गए। जुबानी जंग ने जल्द ही मारपीट और पथराव का रूप ले लिया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि दोनों गुटों की ओर से जमकर पत्थर चले,जिससे न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा,बल्कि कानून व्यवस्था को भी गंभीर चुनौती मिली। हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन उन्मादी भीड़ को शांत करना आसान नहीं था। उपद्रवियों द्वारा किए जा रहे पथराव की चपेट में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी आ गए। जानकारी के मुताबिक, इस पत्थरबाजी में छावनी सीएसपी समेत कुल 5 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घायल जवानों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति को बिगड़ता देख जिले के आला अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा। दुर्ग, भिलाई और छावनी के सीएसपी के साथ एडिशनल एसपी (सिटी और ग्रामीण) भारी पुलिस बल के साथ देर रात तक मौके पर डटे रहे। कई थाना प्रभारियों की तैनाती के बाद किसी तरह स्थिति पर काबू पाया जा सका। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में बच्चों का विवाद सामने आया है, लेकिन स्थानीय सूत्रों और एक पक्ष के आरोपों ने मामले में नया मोड़ दे दिया है। बताया जा रहा है कि इस हिंसा के तार एक पुराने ‘लव अफेयर’ और रंजिश से जुड़े हो सकते हैं। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ समय पहले मोहल्ले का एक युवक दूसरे समुदाय की युवती को लेकर भाग गया था। बाद में युवक को जेल भेज दिया गया और युवती को परिजनों के सुपुर्द किया गया। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष घात लगाए बैठे थे और बच्चों का विवाद महज एक तात्कालिक कारण बना। पुलिस अब इस प्रेम प्रसंग वाले एंगल की भी गहनता से जांच कर रही है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…गांजा तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा,7 आरोपी गिरफ्तार

Share सूरजपुर,26 मार्च 2026 (घटती-घटना)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के …

Leave a Reply