पार्टी ने सस्पेंड किया,भूपेश बघेल बोले… कौन मंत्री विधायक शामिल सरकार बताए
दुर्ग-भिलाई,07 मार्च 2026। दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती करने वाले भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विनायक ताम्रकर ने अपने खेत में डेढ़ एकड़ में अफीम की खेती की थी। जिसकी कीमत करीब 7.88 करोड़ है। अफीम उगाने की जानकारी मिलने पर 6 मार्च को पुलिस ने रेड मारी थी। मामला सामने आने के बाद पार्टी ने उन्हें अगले ही दिन सस्पेंड कर दिया। 7 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उस खेत पहुंचे, जहां अफीम की खेती की गई थी। भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा नेता का फार्महाउस करीब 150 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें चारागाह की भूमि भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी का सांसद, विधायक और कलेक्टर के साथ उठना बैठना है, जिसके चलते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने सवाल पूछा है कि इस अवैध खेती में कौन कौन मंत्री विधायक शामिल था, सरकार बताए।
ग्रामीणों-पुलिसकर्मियों में झूमाझटकी
इस दौरान वहां भारी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी खेत में पहुंच गए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की,तो झूमाझटकी हो गई। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बता दें कि पुलिस को अफीम की सूचना मिलने के बाद 6 मार्च को खेत में रेड की गई,जिसमें करीब डेढ़ एकड़ में अफीम के पौधे मिले हैं। मामला समोदा गांव का है,जहां भाजपा किसान मोर्चा के नेताओं के खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही थी। इस पर भाजपा नेता विनायक का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी और जमीन अधिया (आधी फसल) पर दी गई थी।
जिस जमीन में अफीम की खेती
वो मेरी नहीं : विनायक ताम्रकर
भाजपा नेता विनायक ताम्रकर ने कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताया है। उनके मुताबिक जिस जमीन को लेकर मामला बनाया जा रहा है,वह उनकी नहीं है और उनकी असली जमीन समोदा गांव में है। उनका नाम बिना वजह उछाला जा रहा है। उन्होंने समोदा के सरपंच अरुण गौतम पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि सरपंच ने आपराधिक छवि छिपाने के लिए गलत तरीके से नामांकन भरा था,जिसकी शिकायत उन्होंने पहले एसडीएम कार्यालय में की थी। ताम्रकर ने यह भी बताया कि दस साल पहले उनकी पत्नी सरपंच थी और उस समय रेत रॉयल्टी के 23 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया था। जिस पर कार्रवाई के बाद 23 लाख की रिकवरी हुई और उन्हें छह साल के लिए सस्पेंड किया गया था। उनका कहना है कि इसी पुरानी शिकायत और व्यक्तिगत द्वेष के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur