16.93 करोड़ रुपये मुआवजे का अंतिम अधिनिर्णय पारित
एमसीबी,28 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत स्वीकृत ‘विशेष रेल चिरमिरी-नागपुर हॉल्ट नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन’ परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया विधिवत पूर्ण कर ली गई है। लगभग 17 किलोमीटर लंबी इस नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना के तहत ग्राम चिरईपानी, बंजी, सरौला, सरभोका, खैरबना एवं चित्ताझोर की भूमि प्रभावित हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समस्त कार्य विधिक प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न किया गया है।
अधिसूचना से अंतिम निर्णय तक की प्रक्रिया
परियोजना के लिए रेल विभाग एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा विस्तृत सर्वेक्षण किया गया, इसके पश्चात अधिग्रहण प्रस्तावित भूमि के संबंध में भारतीय रेल अधिनियम 1989 की धारा 20्र के अंतर्गत आशय की घोषणा जारी कर प्रभावित पक्षों से दावा एवं आपत्तियाँ आमंत्रित की गईं,प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के परीक्षण के बाद धारा 20श्व के तहत भूमि अर्जन की औपचारिक घोषणा भारत के राजपत्र में 27 अगस्त 2025 को प्रकाशित की गई, इसके बाद प्रतिकर निर्धारण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई,24 दिसंबर 2025 से 02 फरवरी 2026 तक प्राप्त पुनः आपत्तियों का निराकरण कर अंतिम अधिनिर्णय 23 फरवरी 2026 को पारित किया गया,यह पूरी प्रक्रिया भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुर्नव्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम 2013 के प्रावधानों के तहत पूरी की गई।
भूमि अर्जन का विस्तृत विवरण
कुल अधिग्रहित भूमिः 36.620 हेक्टेयर
कुल खसरेः 206
निजी भूमिः 15.447 हेक्टेयर (153 भूमिस्वामी)
शासकीय भूमिः 21.173 हेक्टेयर (53 खसरे)
कुल स्वीकृत मुआवजा राशिः 16,93,08,338 (सोलह करोड़ तिरान्वे लाख आठ हजार तीन सौ अड़तीस रुपये)
प्रशासन के अनुसार संबंधित भूमि स्वामियों को मुआवजा राशि का भुगतान शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, भुगतान की प्रक्रिया राजस्व अभिलेखों के सत्यापन एवं आवश्यक औपचारिकताओं के बाद चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
क्षेत्रीय विकास को नई दिशा, यह रेल परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके प्रमुख लाभ निम्न होंगे
चिरमिरी क्षेत्र की बेहतर रेल कनेक्टिविटी
खनिज, वन एवं कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा
स्थानीय व्यापार और उद्योगों को प्रोत्साहन
निर्माण चरण में रोजगार के अवसर
दीर्घकालीन आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि, विशेषज्ञों का मानना है कि नई ब्रॉडगेज लाइन से माल और यात्री परिवहन दोनों को गति मिलेगी, जिससे एमसीबी जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने प्रभावित भूमि स्वामियों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ राजस्व कार्यालय से संपर्क कर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराएं, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ‘विकास की नई पटरी’ बताया है,नई रेल लाइन से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक परिवर्तन आने की उम्मीद है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur