सूरजपुर,28 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। जिला चिकित्सालय सूरजपुर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार कूल्हे की हड्डी के प्रत्यारोपण (हिप रिप्लेसमेंट) का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया है, इस सफलता के साथ ही जिला अस्पताल अब उन्नत हड्डी रोग उपचार के लिए भी सक्षम केंद्र के रूप में स्थापित हो गया है।
जानकारी के अनुसार,जमगहना निवासी 45 वर्षीय श्री इंद्रजीत लंबे समय से कूल्हे के तीव्र दर्द से परेशान थे। जांच के बाद चिकित्सकों ने पाया कि उनके कूल्हे की हड्डी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और हिप रिप्लेसमेंट ही एकमात्र उपचार विकल्प है, मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने तुरंत संज्ञान लिया और सर्जरी के लिए आवश्यक संसाधन एवं सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, इसके बाद आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय साहू एवं डॉ. अमन गुप्ता ने अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, ऑपरेशन के दौरान मरीज की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने में एनेस्थीसिया टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही, इस टीम में डॉ. विकास भगत, डॉ. अनिल कुमार एवं रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. संदीप भगत शामिल रहे,वहीं ओटी इंचार्ज श्रीमती नवीदा परवीन,सुश्री मयंका राजवाड़े,सीमा देवांगन,बोधन राजवाड़े,सुखलाल राम तथा सहायक स्टाफ सागर एवं भीक साय ने भी ऑपरेशन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया,सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय मरीजों को बेहतर एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है,उन्होंने कहा कि भविष्य में अस्पताल की सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा,ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को अन्य जिलों या बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े,आर्थोपेडिक सर्जन डॉ.अजय साहू ने बताया कि यह अत्यंत जटिल सर्जरी थी,लेकिन अस्पताल प्रबंधन एवं पूरी ओटी टीम के समन्वित प्रयास से इसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया,मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय ने उनकी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए उन्हें नया जीवन दिया है,यह सफल सर्जरी सूरजपुर जिला चिकित्सालय की बढ़ती चिकित्सकीय क्षमता का प्रमाण है और जिलेवासियों के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि अब उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने जिले में ही उपलब्ध हो रही हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur