350 से अधिक ग्रामीणों की जांच,हृदय रोग के दो गंभीर मरीज रेफर,चर्म रोगियों की रही अधिकता
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 फरवरी 2028 (घटती-घटना)। राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, अंबिकापुर द्वारा विकासखंड लुण्ड्रा के ग्राम नागम में पहला मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। शिविर में 350 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। दूरस्थ क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। शिविर के दौरान जांच में हृदय रोग के दो गंभीर मरीज चिन्हित किए गए। मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों ने तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया। आगे की जांच व आवश्यक सर्जरी के लिए उन्हें पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। कैंप में चर्म रोग विभाग के स्टॉल पर सबसे अधिक भीड़ रही। डॉ. पी.के. सिन्हा एवं उनकी टीम ने बड़ी संख्या में मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी परामर्श दिए। ग्रामीणों को स्वच्छता, त्वचा रोगों की रोकथाम और नियमित उपचार के बारे में जागरूक किया गया। शिविर का निरीक्षण स्थानीय विधायक प्रबोध मिंज ने किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों का पहुंचना ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
शिविर में डॉ. रमेश चंद्र आर्य, डॉ. पी.एस. मार्को, डॉ. पी.के. सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक,पीजी छात्र और स्टाफ उपस्थित रहे। आयोजन का समन्वय डॉ.संतू बाघ,डॉ. नवनीत दुबे, डॉ.राघवेन्द्र और छोटेलाल शर्मा ने किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur