

अटल जयंती पर पटना को मिला अटल परिसर,भव्य प्रतिमा का अनावरण
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी को पटना नगर पंचायत की श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण
पटना/कोरिया,25 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। अटल परिसर और प्रतिमा का यह लोकार्पण न केवल स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति श्रद्धांजलि है, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, अस्मिता और विकास यात्रा का स्मरण भी जो आने वाली पीढि़यों को राष्ट्रप्रेम और जनसेवा के मार्ग पर प्रेरित करे, कोरिया जिले की नगर पंचायत पटना में छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्म जयंती के अवसर पर अटल परिसर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसर और प्रतिमाओं का वर्चुअल लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इसी क्रम में नगर पंचायत पटना में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल लोकार्पण के पश्चात नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह ने अटल परिसर एवं स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया। जन्म जयंती के अवसर पर प्रतिमा पर महामाला अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन कर श्रद्धांजलि दी गई।
यह छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की सौगात देने वाले अटल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि — गायत्री सिंह नगर पंचायत अध्यक्ष
गायत्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का सपना साकार करने वाले स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह अवसर नगरवासियों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि अलग राज्य का दर्जा देकर अटल जी ने छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया और बेहतर प्रशासन की नींव रखी।
अटल जी की दूरदर्शिता से ही
छत्तीसगढ़ को मिला अलग राज्य का दर्जाःकपिल जायसवाल
भाजपा कोरिया जिला महामंत्री कपिल जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है और सुशासन सरकार अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रशासन गांव-गांव जाकर समस्याओं का निराकरण कर रहा है।
आने वाली पीढि़यों को अटल जी के योगदान से जोड़ेगा अटल परिसर-तीरथ राजवाड़े
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का देश और प्रदेश हित में दिया गया योगदान आने वाली पीढि़यां न भूलें—इसी उद्देश्य से अटल परिसर की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा देकर अटल जी ने प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी अपेक्षाओं को पूरा किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
उद्घाटन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह, उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, अपर कलेक्टर, तहसीलदार पटना, सीएमओ नगर पंचायत पटना, पार्षद रेखा वर्मा, अहिबरन सिंह, अमित कुमार सिंह, प्रमिला सिंह, ज्योति सिंह, राजेश सोनी, निर्मला पोया, सहकारिता विभाग सरगुजा उपाध्यक्ष जगदीश साहू, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष पटना रामलखन यादव, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष शारदा गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा जवाहरलाल गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, पूर्व मंडल महामंत्री पटना रितेश सिंह, सुमनकांत तिवारी, भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दिलराज रवि, राजेंद्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur