Breaking News

बैकुंठपुर@भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर विश्राम गृह बैकुंठपुर में प्रेस वार्ता संपन्न

Share


-संवाददाता-
बैकुंठपुर,15 नवंबर 2025
(घटती-घटना)।

भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर स्थानीय विश्राम गृह बैकुंठपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक भूलन सिंह मराबी, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य मोहित पैकरा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष शैलेष शिवहरे, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, जिला मंत्री शारदा गुप्ता, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्यारे साहू, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रामप्रताप मरावी, जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े तथा सोशल मीडिया सह संयोजक राकेश गुप्ता उपस्थित रहे।
विधायक मराबी ने भगवान बिरसा मुंडा के त्याग और संघर्ष को किया स्मरण
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि यह वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शोषण,जंगल-जमीन पर खतरे और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले बिरसा मुंडा को ‘धरती आबा’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को रांची जनपद के अलिहातू ग्राम में हुआ था। अंग्रेजों के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह के चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया और 9 जून 1900 को जेल में ही उनका बलिदान हो गया। उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने और युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया है।
जनजातीय समाज के योगदान और सरकार की पहल पर चर्चा
विधायक मराबी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल भगवान बिरसा मुंडा ही नहीं, बल्कि उन सभी महापुरुषों को समर्पित है जिन्होंने भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजाति समाज के उत्थान के लिए स्वतंत्र जनजाति मंत्रालय,जनजाति आयोग, वनोपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य,तथा स्टैंडअप इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर कार्य किया है। उन्होंने सिकल सेल रोग के उन्मूलन के लिए चल रही पहल, जनजातीय नेतृत्व को संवैधानिक पदों पर बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद मुक्त भारत की दिशा में हो रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
जनजातीय गौरव दिवस संकल्प का दिवस
विधायक मराबी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने का अर्थ है, जनजाति समाज के योगदान को स्मरण करना, उनके विकास के लिए संकल्प लेना और नक्सलवाद मुक्त भारत के सपने को साकार करना। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और सभी महापुरुष पूरे देश के लिए समान रूप से सम्मानित हैं। समाज को विभाजनकारी षड्यंत्रों से मुक्त करते हुए एकता और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना ही भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।


Share

Check Also

रायपुर@कांग्रेस ने किया कर्मचारियों पर एस्मा लगाए जाने का विरोध

Share दीपक बैज ने कहा…जल्द ही हमारे नेता धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने निकलेंगे …

Leave a Reply