
पूरे प्रदेश में 2 हजार किमी सड़क निर्माण का काम चल रहा है,धान खरीदी में नहीं आएगी दिक्कत : सीएम साय
रायपुर,15 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भगवान बिरसामुंडा की जयंती पर जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप समेत अन्य नेता और मंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2021 में भगवान बिरसामुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया था। तब से पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस मनाता है। आज छत्तीसगढ़ प्रदेशभर के सभी जिलों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने जनजातीय उत्थान और सम्मान के लिए उठाए गए ऐतिहासिक राष्ट्रीय कदमों का स्मरण करते हुए कहा कि जनजातीय कल्याण की दिशा में तीन बड़े मील के पत्थर रखे गए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया, जिनके कार्यकाल में ही आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्यों का गठन किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे जनजातीय पहचान को सम्मान देने और उनके त्वरित विकास की दिशा में युगांतरकारी निर्णय बताया। इसके अतिरिक्त, वाजपेयी जी ने ही जनजातीय हितों की रक्षा और विकास हेतु एक अलग ‘जनजातीय कार्य मंत्रालय’ का गठन किया।
जनजाति समाज के लिए कर रहे काम : सीएम ने जनजाति समुदाय को लेकर कहा कि, छत्तीसगढ़ में जनजाति समुदाय के लोग रहते हैं। उन्हें विकास से जोड़ रहे हैं। खेल से भी जोड़ रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इनके विकास में और तेजी हो इसके लिए प्रधानमंत्री ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना की शुरुआत की है। इस योजना में 80 हजार करोड़ का बजट है। छत्तीसगढ़ के साढ़े 6 हजार से ज्यादा गांव शामिल हैं। विशेष पिछड़ी अनुसूचित जनजाति के लोग भी हैं। बस्तर में अबूझमाडि़या और कमार जनजाति के लोग भी हैं। इनके लिए भी पीएम जनमत योजना की शुरुआत हुई है। यदि पूरे देश में 4 हजार किमी सड़क बन रही है तो हमारे छत्तीसगढ़ में 2 हजार किमी सड़क निर्माण का काम हो रहा है। शहर में आज रैली से लेकर कई कार्यक्रम हुए। साथ ही सीएम से लेकर मंत्री तक यहीं मौजूद रहे। वहीं इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। चौक-चौराहों पर जवानों की तैनाती की गई। कार्यक्रम स्थल पर भी टाइट सुरक्षा व्यवस्था थी।
सीएम ने धान खरीदी को लेकर कहा…छत्तीसगढ़ जैसी व्यवस्था कही नहीं
सीएम ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में धान खरीदी को लेकर कहा कि, पूरे देश में धान खरीदी की सबसे अच्छी व्यवस्था छत्तीसगढ़ में है। मैं ये स्पष्ट कर दूं कि धान खरीदी में किसी भी तरह का व्यवधान नहीं होगा। आज से पूरे छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का शुभारंभ हो रहा है। हड़ताल भी खत्म होगी। किसानों को धान बेचने किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur