बिलासपुर में बाइक-सवार 4 शूटरों ने 12 राउंड की फायरिंग,दोनों घायल अपोलो में भर्ती
बिलासपुर,28 अक्टूबर २०२५। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के पर्सनल ऑफिस में हमला हुआ है। 4 नकाबपोश बाइक सवार शूटरों ने 2 लोगों को गोली मार दी। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के नहर पार इलाके का है। जानकारी के मुताबिक शूटरों ने कांग्रेस नेता नीतेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर को गोली मारी है। दोनों को गंभीर अवस्था में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर 12 राउंड गोलियां चलीं और खाली खोखे बरामद हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाश पिस्टल लिए हुए थे। लगातार फायरिंग कर रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।
क्या है पूरा मामला : दरअसल,शाम को एक बाइक पर 3 नकाबपोश पिस्टल लेकर कांग्रेस नेता नीतेश सिंह के ऑफिस के बाहर आए। इस दौरान नीतेश सिंह के ऑफिस में उनके कुछ सहयोगी और रिश्तेदार बैठे हुए थे। अचानक 2 बाइक पर 4 बदमाश आए और फायरिंग की। वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
नीतेश सिंह के ऑफिस में चंद्रकांत और राजू ठाकुर को लगी, जिससे दोनों वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में अपोलो रेफर किया गया।
पुलिस अलर्ट,सभी थाना इलाके में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मस्तूरी थाना पुलिस सहित आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। तोरवा और मस्तूरी मार्ग पर नाकेबंदी कर दी गई है।
हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लोगों ने सूचना दी थी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। हमलावरों की गाड़ी के नंबर प्लेट की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur