50 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर किया स्थानांतरित
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन तक बारिश हो सकती है
नई दिल्ली,28 अक्टूबर 2025। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात मोन्था ने मंगलवार सुबह तूफानी रूप ले लिया है और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से लगभग 190 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में अब सक्रिय स्थिति में है। इसका असर चारों तटीय राज्यों- आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, बंगाल व ओडिशा में दिख रहा है, जहाँ हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई है। आंध्र प्रदेश व ओडिशा में अब तक 50,000 से अधिक लोगों को तटीय इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। यह तूफान आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा तट के पास मछलीपट्टनम-कलिंगपट्टनम के बीच टकरा सकता है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बोले…
3,778 गांवों में भारी बारिश होगी मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि तूफान मोन्था का प्रभाव मंगलवार सुबह से और तेज हो गया है। 3,778 गांवों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि मोन्था सुबह लगभग 5.30 बजे तूफान में बदल गया। अधिकारियों के अनुसार, 338 मंडलों और 3,778 गांवों में भारी बारिश होने का अनुमान है। सरकार ने 22 जिलों में 3,174 पुनर्वास केंद्र बनाए हैं।
रेल मंत्री ने चक्रवात ‘मोंथा’ के मद्देनजर रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज आसन्न चक्रवात ‘मोंथा’ के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में पूर्वी तट के किनारे रेलवे नेटवर्क की तैयारियों का आकलन करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने यात्री सुरक्षा, रेल विनियमन, बहाली योजना और स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ समन्वय हेतु किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को चक्रवात के प्रभाव, विशेष रूप से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में पूर्वी तट के किनारे, की आशंका में सभी आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया। निर्बाध संचार और आपदा प्रतिक्रिया टीमों की समय पर तैनाती की आवश्यकता पर बल देते हुए केंद्रीय मंत्री ने सभी रेलवे जोनों को हाई अलर्ट पर रहने और चक्रवात के बाद रेल सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।रेल मंत्रालय के अनुसार भारतीय रेलवे ने आसन्न चक्रवात ‘मोंथा’ की वास्तविक समय में समन्वय और प्रतिक्रिया के लिए मंडलीय ‘वार रूम’ सक्रिय कर दिए हैं। आवश्यक सामग्री, मशीनरी और मानव संसाधन को तैयार रखा गया है विशेष रूप से विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और गुंटूर मंडलो में तैयार रखा गया है। यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए रेल परिचालन की निरंतर निगरानी की जा रही है। पूर्व तटीय रेलवे, दक्षिण तटीय रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे जोनों को आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए संसाधन जुटाने और सभी आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतने का निर्देश दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur