बिलासपुर में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 दुकानें ध्वस्त,14 सील
बिलासपुर,16 अक्टूबर 2025। बिलासपुर में नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 अवैध कबाडि़यों से 20 लाख रुपए से अधिक का कबाड़ जब्त किया है। इस अभियान के तहत चार अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया और 14 दुकानों को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई गुरुवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। जिससे अवैध कबाडि़यों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि यह संयुक्त अभियान मोपका, चांटीडीह, बिजौर,अशोक नगर, रपटा और बहतराई जैसे क्षेत्रों में केंद्रित रहा। कार्रवाई के लिए नगर निगम ने 8 काऊ कैचर,10 बुलडोजर और अन्य संसाधनों का उपयोग किया। निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं।
चांटीडीह में 40 हाइवा कबाड़ जब्त
निगम और पुलिस के संयुक्त अमले ने सबसे बड़ी कार्रवाई बम्हर मंदिर चांटीडीह में संतोष रजक के यहां की। जहां से अब तक 40 हाइवा प्लास्टिक कबाड़ जब्त किया जा चुका है। सब इंजीनियर जुगल सिंह ने बताया कि संतोष रजक बिना लाइसेंस के चांटीडीह में खसरा नंबर 412-2 की 30 डिसमिल जमीन 42 हजार रुपए महीना किराए पर लेकर सालों से अवैध कबाड़ का गोरखधंधा कर रहा था। कबाड़ी के खिलाफ लोगों का रास्ता बंद करने, नाले को पाटने की भी शिकायतें मिली हैं। आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि सुबह से शाम तक चली कार्रवाई के दौरान 24 अवैध दुकानों में से 4 दुकानों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। वहीं 2 दुकानों को सील किया तथा 18 दुकानों से सामान जब्त करते सीलिंग की कार्रवाई की गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur