अम्बिकापुर,12 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को अंबिकापुर स्थित संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत कोई नया नहीं, बल्कि प्राचीन काल से आत्मनिर्भर राष्ट्र रहा है। देश के मसाले, अनाज,वस्त्र और हस्तशिल्प विश्व भर में निर्यात किए जाते थे और भारत समृद्ध व्यापारिक राष्ट्र के रूप में जाना जाता था।
उन्होंने कहा कि भारत की आत्मनिर्भरता को सबसे ज्यादा चोट मुगलों और फिर अंग्रेजों के आगमन के बाद पहुंची, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से स्वदेशी भावना को कमजोर किया। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी गई है, और भारत वैश्विक मंच पर आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। मंत्री ने आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जनता से खास अपील की कि वे बाजार में केवल देशी और स्थानीय उत्पादों को ही प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा,हम मिठाई, सजावट, उपहार और पटाखे जैसी चीज़ों की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तो इससे न केवल स्थानीय व्यापार को बल मिलेगा बल्कि देश की आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सफल बनाने के लिए आम जनता की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने महात्मा गांधी के चरखे का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत भी उस स्वदेशी चेतना को पुनर्जीवित कर रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रयास : मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के सवाल पर जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खासकर सरगुजा और बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए विशेष पैकेज लागू किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में कार्य करने वाले डॉक्टरों को सामान्य वेतन से 45 प्रतिशत अधिक मानदेय दिया जा रहा है, जिससे युवाओं को इन इलाकों में सेवा देने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा नियमित भर्तियों की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
अस्पतालों में रीजेंट (प्रयोगशाला सामग्री) की कमी के विषय में पूछे गए सवाल पर मंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में रीजेंट खरीद प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ,जिसके कारण मौजूदा स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अब स्थिति सुधर रही है। उन्होंने कहा, मेडिकल कॉलेज के डीन और सीएमएचओ को अब रीजेंट की डायरेक्ट खरीदी की अनुमति दे दी गई है। साथ ही इसके लिए आवश्यक बजट भी जारी कर दिया गया है, ताकि आपूर्ति में देरी न हो।
‘नायक’ फिल्म दिया उदाहरण
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा,बाबा (टीएस सिंहदेव) रियल में तो कभी मुख्यमंत्री बन नहीं सकते। हां,अगर कोई फिल्म बना रहे हैं तो उसमें ‘नायक’ फिल्म की तरह एक दिन के लिए सीएम बन सकते हैं।उन्होंने तंज कसते हुए कहा,जब कांग्रेस की सरकार थी तब उन्हें ढाई साल भी नहीं मिले, अब तो कांग्रेस को 25-50 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं मिलने वाला। ऐसे में अब सिंहदेव जी को मुख्यमंत्री बनने का सपना फिल्मों में ही पूरा करना पड़ सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur