कोरबा,01 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। कोरबा के एकदिवसीय प्रवास पर आए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित भवानी मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम कथा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने परिसर में राम कथा वाचन के लिए आए श्री श्री 1008 जगद्गुरू श्री रामभद्राचार्य के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया एवं प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव में आए श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए सभी को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु के कोरबा आगमन से ऊर्जाधानी की धरती धन्य हो गयी है। उनका आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।
उन्होंने कार्यक्रम की आयोजन कर्ता ज्योति पांडे को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी माता कौशिल्या का मायके एवं हमारे आराध्य भगवान श्री राम का नौनिहाल है। यहां प्रभु श्री राम ने माता सीता एवं भाई लक्ष्मण के साथ अपने वनवास के दौरान अधिकांश समय यहां व्यतीत किया है। राजिम में भगवान श्री राम व माता सीता द्वारा कुलेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना की गई है। जहां प्रतिवर्ष कुंभ मेला का आयोजन किया जाता है। हजारों श्रद्धालु स्नान कर पुण्य प्राप्त करते है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कोरबा प्रवास के दौरान शहर के घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में नगर निगम द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं,साथ ही सभी के जीवन मे सुख शांति समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व हमें शक्ति,भक्ति और सद्भाव का संदेश देता है। इन 9 दिनों में हम माता के 9 रूपों की भक्ति भाव से पूजा करते है,ऐसे अवसर पर इस प्रकार के भव्य रामलीला का आयोजन बड़े ही गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन समिति को रामलीला महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए सराहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला हमारे जीवन मूल्यों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। रामलीला को देखकर बचपन की स्मृति ताजा हो गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur