अंबिकापुर,01 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। भाजपा सरकार में गोवंश की तस्करी शुरू हो गयी है। गोवंश भूख व दुर्घटना से मर रहे हैं। पिछले पौने दो वर्ष में 40 प्रतिशत गोवंश की कमी हुई है। उक्त बातें बुधवार को कोठी कर में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था किए कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई जा रही गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गय,जिसके कारण पिछले पौने दो साल में चारे-पानी के अभाव में भूख से तथा खुले में घूमने के कारण सडक दुर्घटना में बड़ी संख्या में गोवंश की मौतें हुई है। पौने दो वर्ष में 850 से अधिक गाय सडक दुर्घटना में, लगभग 1200 से अधिक गाय चारा के अभाव में भूख से व 200 से अधिक गाय जहरीला पदार्थ आदि खाने से मारी गई। गोठान बंद होने के कारण आवारा घूम रहे गोवंश जब एक समस्या के रूप में सामने आई तो सरकार ने अघोषित रूप से एक बेहद ही कू्रर निर्णय लिया और गो वंश की तस्करी को बढ़ावा देने शुरू कर दिया। 2023 में लगभग 14 लाख गोवंश का राज्य में कांग्रेस की सरकार के समय 10800 गोठानों में व्यवस्थापन होता था उनके लिए चारे-पानी की व्यवस्था होती थी। गायों की मौत के मामले में कांग्रेस ने 6 कमेटिया बनाई है उनकी रिपोर्ट और हमने जो अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। अर्थात राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गो वंश गायब हो गए। टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी तो गायों की रक्षा के लिए गोठान बनाए,गोबर खरीदी शुरू किया, ताकि लोग गायों का पालन पोषण करे उनकी आय का जरिया बने। भाजपा की डबल इंजन की सरकार तो गो वंश को कत्ल खाने भेज रही है। सरकार ने गोठान बंद कर दिया विकल्प के तौर पर पहले गो अभ्यारण्य बनाने की बात की गई फिर गोधाम बनाने का निर्णय हुआ लेकिन न गो अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गो धाम बनाया गया। दिखावे के लिए गोधामों में चारा के लिए राशि की घोषणा भी सरकार ने किया, प्रति पशुधन 10 रुपए प्रतिदिन चारा के लिए आवंटन की बात की गई इतने में कौन सा चारा आयेगा? कांग्रेस ने पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गोवंश के बारे में सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा सरकार 2023 के पहले के सभी 10800 गौठानों को पुन: शुरू करने, गोठानों में चारा-पानी की सुरक्षित व्यवस्था किया जाने की मांग की है। केरल में एक टीवी चैनल के डिवेट में भाजपा प्रवक्ता पिन्टू महादेवन द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गोली मारने की बात कहे जाने पर कांग्रेस में आक्रोश है। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रेस वार्ता में कहा है कि यह घटना काफी निंदनीय है। तत्काल मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से हिंसा को भडकाने की कोशिश की गई है। टीएस सिंहदेव ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद, द्वितेन्द्र मिश्रा, आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, जेपी श्रीवास्तव, अजय अग्रवाल, राकेश गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur