भुवनेश्वर@कांग्रेस अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही हमने टैक्स घटाया,वो अब लूट में लगेःमोदी

Share


प्रधानमंत्री मोदी ने लॉन्च किया बीएसएनएल 4 जी सर्विस,30 हजार गांवों तक पहुंचेगा नेटवर्क


भुवनेश्वर,27 सितम्बर 2025 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में विभिन्न विकास परियोजनाओं के साथ भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की 4जी सेवाओं का शुभारंभ किया। यह नेटवर्क पूरे देश में 98 हजार साइटों पर फैला हुआ है, जिससे बीएसएनएल अब 4जी से सुसज्जित हो गया है। इससे पहले एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और जियो जैसे निजी ऑपरेटर पहले से ही 4जी सेवाएं दे रहे थे। अब भारत के सभी प्रमुख टेलीकॉम प्रदाता 4जी तकनीक से लैस हैं। सरकार ने बताया कि बीएसएनएल का यह 4जी नेटवर्क पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। इससे भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है, जो खुद 4जी के सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर विकसित कर सकते हैं। इस सूची में स्वीडन, डेनमार्क, चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देश पहले से हैं, और अब भारत टॉप 5 में शुमार हो गया है। इस परियोजना पर कुल 37 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 4 जी लॉन्च के साथ ही बीएसएनएल ने 5 जी की तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों के अनुसार,जल्द ही दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में 5जी सेवाएं शुरू होंगी। इससे बीएसएनएल के 9 करोड़ से ज्यादा वायरलेस ग्राहकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रधानमंत्री ने पहले ही 6जी नेटवर्क का रोडमैप जारी किया है,और उम्मीद है कि 2030 तक भारत में 6 जी आ जाएगा। हालांकि,बीएसएनएल निजी कंपनियों से पीछे रहा है,जिन्होंने 2022 में 5जी लॉन्च कर दिया था। इस नेटवर्क के विकास में भारतीय कंपनियों का बड़ा योगदान है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने रोलआउट और इंटीग्रेशन में अहम भूमिका निभाई, जबकि तेजस नेटवर्क्स ने रेडियो एक्सेस नेटवर्क तैयार किया। बीएसएनएल का 4जी डिजाइन ऐसा है कि इसे आसानी से 5जी में अपग्रेड किया जा सकता है। कंपनी इस साल के अंत तक दिल्ली-मुंबई में 5जी शुरू करने की योजना बना रही है। सस्ते रिचार्ज प्लान्स के चलते पुराने ग्राहक वापस लौट सकते हैं,जो पहले कनेक्टिविटी समस्याओं से परेशान थे। यह लॉन्च भारत की डिजिटल क्रांति को नई गति देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को करीब 38 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने आत्मनिर्भर भारत,जीएसटी बचत उत्सव,कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बात की। मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों में जारी लूटतंत्र का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा, केंद्र सरकार ने टैक्स घटा दिया, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस सरकार जनता तक इसका लाभ नहीं पहुंचा रही है। वे अपना टैक्स लगाकर लूट में लगे हैं। अभी भी हरकत से बाज नहीं आ रहे। प्रधानमंत्री का 15 महीनों में छठा ओडिशा दौरा था। उन्होंने 60 हजार करोड़ रुपए के कई बड़े रेल, एजुकेशन और हेल्थ प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की।
कांग्रेस अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है…
कांग्रेस अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। उनकी सरकारें आपको लूटने में जुटी है। मेरे पास सबूत है। हमने देश के लोगों को लाभ देने के लिए टैक्स कम किया, सीमेंट से भी टैक्स घटा। हमारा मकसद था लोगों को घर बनाने में कम पैसा खर्च करना पड़े। 22 सितंबर के बाद बयानबाजी करने वालों की करतूत देखिए। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है, वहां वे आम जनता को सुख देना नहीं चाहते। उन्होंने अपना एक नया ही टैक्स लगा दिया। भारत सरकार की तरफ से जो फायदा दिया जा रहा था वे दीवार बनकर लूट में लगे हैं।

देश को कांग्रेस के लूट तंत्र से बाहर निकाला
हमने देश को कांग्रेस के लूट तंत्र से बाहर निकाला। भाजपा सरकार में डबल बचत और डबल कमाई का दौर आया है। कांग्रेस सरकार में 2 लाख की कमाई तक इनकम टैक्स देना पड़ता था। ये 2014 तक चलाया। जब आपने मुझे सेवा का मौका दिया तब हमने 12 लाख की सालाना कमाई टैक्स फ्री की। 22 सितंबर से देश में ओडिशा में जीएसटी के नए रिफॉर्म लागू हुए। इन सुधारों में आप सभी को जीएसटी बचत उत्सव का उपहार दिया है। माताओं के लिए रसोई चलाना और सस्ता हो गया है। जरूरत के दाम और कम हो गए।
ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से बढ़ रहा…
साथियों इस समय नवरात्रि का पर्व चल रहा है। ऐसे दिनों में मुझे मां रामोचंडी की इस भूमि पर आपके दर्शन का सौभाग्य मिला है। यहां माताएं बहने भी आईं हैं। आपका आशीर्वाद ही हमारी शक्ति है। जनता को नमन करता हूं। डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव में ओडिशा के आप लोगों ने एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का प्रण लिया था। ये संकल्प था विकसित ओडिशा, आज हम देख रहे हैं ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से बढ़ रहा है। आज फिर एक बार ओडिशा के विकास के लिए देश के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का काम शुरू हुआ।
भाजपा गरीबों को सशक्त करने वाली सरकार
भाजपा सरकार गरीब की सेवा करने वाली गरीब को सशक्त करने वाली सरकार है। हमारा पूरा जोर गरीबों को दलितों को पिछड़ों को आदिवासियों को मूल सुविधाएं पहुंचाने पर है। आज इस कार्यक्रम में हम इसके साक्षी बन रहे हैं। मुझे अभी यहां अंत्योदय योजना लाभार्थियों को सर्टिफिकेट देने का मौका मिला। एक गरीब परिवार को पक्का घर मिलता है तो वर्तमान के साथ भावी पीढि़यों का जीवन भी आसान हो जाता है। 4 करोड़ परिवारों को पक्का घर दे चुकी है। ओडिशा में भी तेजी से काम चल रहा है।

छोटी सी चिप अब ओडिशा में बनेगी
पहले कोई सोच नहीं सकता था कि सेमी कंडक्टर की एडवांस टेक्नोलॉजी वाली इंडस्ट्री आपके यहां आ रही है। चिप बनाने के लिए ओडिशा में सेमीकंडक्टर पार्क लगने जा रहा है। वो दिन दूर नहीं जब छोटी सी चिप जो आपके कंम्यूटर और गाड़ी में लगती है, सारी जान उस चिप में होती है। वो छोटी सी चिप अब हमारे ओडिशा में बनेगी। साथियों हमारा संकल्प है कि चिप से लेकर शिप तक हर चीज में भारत आत्मनिर्भर हो। हमारा देश किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसीलिए पारादीप से लेकर झारसुगुड़ा तक एक विशान इंडस्टि्रयल एरिया का निर्माण हो रहा है।


Share

Check Also

पटना@भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी सभा में कहा-हीरा (हाई वे,इंटरनेट,रेलवे और एयरपोर्ट) विकास का माध्यम

Share पटना,30 अक्टूबर 2025। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को बिहार के …

Leave a Reply