पटना@बिहार में नीतीश के नेतृत्व में कानून का राज : पीएम मोदी

Share


पटना,26 सितम्बर 2025 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में वर्चुअली ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। शुक्रवार को 75 लाख महिलाओं के खातों में प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन 10-10 हजार की राशि ट्रांसफर की। 2020 के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में महिला वोटर्स की संख्या करीब 3.39 करोड़ है। इसके अनुसार करीब 22 फीसदी महिला वोटर्स को आज शुरू हुई योजना का फायदा मिलेगा। जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, अगर देश ने जन-धन योजना के तहत 30 करोड़ से ज्यादा माताओं-बहनों के खाते न खुलवाए होते तो क्या आज इतने पैसे हम सीधे आपके खाते में भेज पाते। आज जो पैसे भेजे जा रहे हैं, वो पूरे आपके खाते में जमा होंगे। कोई एक पैसा नहीं मार सकता है। पहले योजना का पैसा आप तक पहुंचने से पहले लूट जाता था। एक भाई तब ही खुश होता है, जब उसकी बहन स्वस्थ हो, परिवार खुश हो। आज आपके दो भाई नरेंद्र और नीतीश मिलकर बहनों के लिए लगातार काम कर रहे हैं। पीएम ने कहा,आज हमारी बेटियां बड़ी संख्या में फोर्स-पुलिस में आ रही हैं। आज हमारी बेटियां लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। हमें वो दिन भी नहीं भूलने हैं, जब बिहार में राजद की सरकार थी। अराजक की सबसे ज्यादा मार मेरी बिहार की माताओं ने ही झेली है। उस समय सड़क, पुल-पुलिया का नाम तक नहीं था,इन चीजों से सबसे ज्यादा तकलीफ महिलाओं को ही होती थी। राजद के राज में बिहार में खौफ था। नक्सली आतंक बेहिसाब था। इसका दर्द सबसे ज्यादा महिलाओं को सहना पड़ता था। आज जब नीतीश जी के नेतृत्व में कानून का राज लौटा है तो सबसे ज्यादा राहत महिलाओं ने महसूस की है। आज बेटियां बेखौफ होकर घर से निकलती हैं।
पीएम बोले…पहले जलावन ढोने में महिलाओं का जीवन बीत जाता था…
पीएम ने कहा, उज्जवला योजना से पहले महिलाएं चूल्हे के धुएं से परेशान थीं। बिहार की महिलाओं का जीवन जलावन ढोने में बीत जाता था। चूल्हे के धुएं से 400 सिगरेट के बराबर होने वाले धुआं से कैंसर नहीं होगा तो क्या होगा। ये दर्द किसी किताब में नहीं लिखा, इससे मेरी बिहार की बहनें गुजरी हैं। लेकिन जब इन चीजों को ध्यान में रखकर एनडीए सरकार ने योजनाएं बनाई तो उनके घर में रसोई गैस पहुंचा। उन्हें धुएं से मुक्ति दी। इसने बिहार की रसोई ही नहीं महिलाओं के जीवन को भी उज्जवल बना दिया है।
जीविका दीदी की बातें सुनकर मुस्कुरा दिए पीएम
भोजपुर की रीता देवी की बातें सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुरा दिए। उन्होंने कहा, आप कितनी जल्दी-जल्दी बोलती हैं। आपने तो इतनी सारी योजनाएं गिनवा दीं। पीएम ने हाथ जोड़कर रीता देवी का अभिवादन किया। गयाजी के नूर जहां खातून की बातें सुनकर पीएम ने कहा, आपने बढि़या तरीके से बताता। मेरा एक काम करेंगी। आप हफ्ते में 50 दीदी को इकट्ठा कर के अपनी बातों को समझाइए। उन लोगों को इससे प्रेरणा मिलेगी।
नीतीश का लालू पर हमला, बोले…हटा तो पत्नी को सीएम बनाया
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ऑनलाइन जुड़े थे। उन्होंने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा,बिहार में पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। 24 नवंबर 2005 से जब से एनडीए की सरकार बनी हम काम में लगे हैं। अब बिहार में कानून का राज है। हमने शुरू से महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। नीतीश ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ये तो हट गया था 7 साल के बाद तो पत्नी को बना दिया सीएम। इससे पहले कोई ऐसा किया था। वो केवल अपने परिवार को देखते हैं। हमलोग जनता के लिए काम करते हैं।
पीएम बोले…लिखकर रखिए बिहार को उस अंधेरे में नहीं जाने देंगे
प्रधानमंत्री ने कहा,अभी मैंने देखा जीविका दीदी ने जिस तरह से आत्मविश्वास के साथ बात की, नीतीश सरकार से पहले ये संभव ही नहीं था। मैं जब भी बिहार आता हूं इतनी बड़ी संख्या में महिला पुलिस को देखकर संतुष्टि मिलती है। ये लिखकर रखिए कि बिहार को अब फिर कभी उस अंधेरे में नहीं जाने देना है। जब केंद्र सरकार महिलाओं को ध्यान में रखकर योजना बनाती है तो उसका लाभ आपको मिलता है।
पीएम ने कहा, 2 करोड़ से अधिक बहनें अबतक लखपति बन चुकी हैं
पीएम ने कहा, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना केंद्र के लखपति दीदी योजना को भी नई गति देगी। 2 करोड़ से अधिक बहनें अबतक लखपति बन चुकी हैं। उनकी मेहनत से गांव बदला है, समाज बदला है। जिस तरीके से बिहार की सरकार इस योजना को आगे बढ़ा रही है, मेरा विश्वास है कि देश में सबसे ज्यादा लखपति दीदी बिहार मे ही होगी।
रंजिता काजी ने कहा, 10 हजार से बाजरे की खेती करूंगी
पश्चिम चंपारण जिला के रंजिता काजी ने कहा मैं आदिवासी हूं और जीविका से जुड़ी हुई हूं। मैं कभी सोचा भी नहीं थी कि, हम लोगों के क्षेत्र में सड़क बिजली पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद करती हूं। उज्ज्वला योजना का काफी फायदा हमें मिला, इसके लिए मैं नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देताहूं। मेरे खाते में जब 10 हजार आएंगे, तब बाजरे की खेती करूंगी। नवरात्र के उत्सव के साथ-साथ, इस महिला रोजगार योजना को हम लोग उत्सव की तरह मना रहे हैं।


Share

Check Also

पटना@भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी सभा में कहा-हीरा (हाई वे,इंटरनेट,रेलवे और एयरपोर्ट) विकास का माध्यम

Share पटना,30 अक्टूबर 2025। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को बिहार के …

Leave a Reply