
अंबिकापुर,08 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर घर-घर तिरंगा-हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत आज भाजपा मंडल रामगढ़ और देवगढ़ की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान पूरे देश में उत्साह और गौरव का प्रतीक बन चुका है। प्रधानमंत्री जी के मन की बात से प्रेरणा लेकर यह अभियान देशवासियों के दिल में जोश भर रहा है। गरीब से गरीब,छोटे घर से बड़े घर तक, हर कोई इसमें भाग ले रहा है। हमें भी सरगुजा जिले के हर घर पर तिरंगा फहराना है, जिससे आजादी के अमृत महोत्सव में हमारा जिला अग्रणी भूमिका निभा सके। उन्होंने आगे कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें उन लाखों लोगों के बलिदान और पीड़ा की याद दिलाता है, जिन्होंने देश के विभाजन के समय अपना सब कुछ खो दिया लेकिन भारत माता की एकता और सम्मान को बनाए रखा। यह दिन हमें राष्ट्रीय एकता और भाईचारे के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। बैठक प्रभारी दिनेश साहू ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हम सभी के दिल से जुड़ा हुआ कार्य है। आने वाले दिनों में 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, 12 से 14 अगस्त तक स्वच्छता अभियान, शहीदों के स्मारकों पर पुष्पांजलि, सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों का सम्मान और 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम पूरी ऊर्जा और सक्रियता से संपन्न करने होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समयबद्ध और संगठित ढंग से कार्य करने की अपील की। भाजपा जिला सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री जी ने ऑपरेशन सिंधु की सफलता को संसद में भारत के विजयोत्सव और गौरव का प्रतीक बताया, उसी प्रकार हमें हर घर तिरंगा अभियान को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने मंडल स्तर के मीडिया पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कहा कि फोटो, वीडियो और सभी गतिविधियों को पार्टी के नमो ऐप एवं सरल पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। भाजपा मंडल रामगढ़ अध्यक्ष अखण्ड विधायक सिंह ने कहा कि 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन प्रत्येक मंडल में किया जाएगा, जिसमें युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की विशेष भूमिका रहेगी। इस दौरान गांव-गांव जाकर लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा और आजादी के वीर सपूतों को नमन किया जाएगा। भाजपा मंडल देवगढ़ अध्यक्ष प्रबोध सिंह ने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक स्वच्छता अभियान, स्वतंत्रता संग्राम और युद्ध स्मारकों पर पुष्पांजलि, सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों का सम्मान, तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस और प्रदर्शनी का आयोजन इस अभियान का हिस्सा होगा। 15 अगस्त की शाम को तिरंगे का सामूहिक उत्सव मनाकर इसे ऐतिहासिक रूप दिया जाएगा। बैठक में अनिल सिंह, सत्यनारायण सिंह, दिनेश यादव,कमलेश जयसवाल,अनिल प्रताप सिंह,कल्पना यादव, राधा रवि , मुन्ना सिंह, अर्जुन सिंह, दीपक सिंघल,मनीष बंसल,बुद्धमोहन सिंह, राम जतन यादव,राम विशाल सिंह, डालेश्वर यादव,शंभु प्रसाद सहित दोनों मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और संकल्प लिया कि घर-घर तिरंगा-हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का उत्सव बनाया जाएगा।