कोरबा,21 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात डीएसपी डीके सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और नगर निगम ने कोरबा मुख्य मार्ग से इतवारी बाजार मार्ग पर अनाउंसमेंट करके चार पहिया/ दुपहिया वाहनों और दुकानों की होर्डिंग पर कार्रवाई की। यातायात एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी अभियान जारी रहेगा। निगम टीम ने पूर्व के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कई दुकानों पर चालानी कार्यवाही करने की बात कही।
ट्रैफिक डीएसपी डीके सिंह ने बताया कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मिलकर शहर के भीतर यातायात पुलिस को नगर निगम के साथ मिलकर व्यवस्था बनाने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अवैध पार्किंग और होर्डिंग करने वाले व्यवसायियों पर भी कार्रवाई होगी और यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम आगे भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रखेगी। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी गोयल, अविनाश शुक्ला, ट्रैफिक निरीक्षक तेज सिंह यादव प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, दिलचंद खूंटे,अरुण और लीलाधर की अहम भूमिका रही।
