Breaking News

रायपुर@ भ्रष्ट मंत्रियों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे नड्डा

Share


छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का भाजपा पर हमला…
रायपुर,09 जुलाई 2025 (ए)।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा दिए गए ‘ठेकेदारों से दूरी बनाकर रखने’ की नसीहत को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक नौटंकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनता का ध्यान भाजपा सरकार की असफलताओं और भ्रष्टाचार से भटकाने की साजिश है।
ठेकेदारों और उद्योगपतियों के गठजोड़ का आरोप
दीपक बैज ने भाजपा को लूट का संगठित गिरोह बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी चंद ठेकेदारों और उद्योगपतियों के इशारे पर काम करती है। उन्होंने कहा कि जैसे केंद्र सरकार दो उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है,वैसे ही छत्तीसगढ़ में भी बड़े कॉरपोरेट को जंगल और खनिज संसाधनों की खुली लूट की छूट मिली हुई है।
मोदी की रैलियों के पीछे काली कमाई का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा की चुनावी रैलियों, खासकर प्रधानमंत्री मोदी की सभाओं के लिए भीड़ जुटाने से लेकर सोशल मीडिया संचालन तक सब कुछ इन ठेकेदारों और उद्योगपतियों की काली कमाई से होता है।
भाजपा के 15 साल को किया याद
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने अपने 15 साल के शासन में छत्तीसगढ़ की गरीब जनता को लूट लिया और अब एक बार फिर वही कहानी दोहराई जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने भी एक बार खुद पार्टी की बैठक में यह कहा था कि एक साल के लिए कमीशनखोरी बंद कर दी जाए, ताकि 30 साल तक राज किया जा सके। दीपक बैज के आरोप भाजपा सरकार और उसके शीर्ष नेताओं पर सीधा हमला हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा यदि वास्तव में भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर है, तो वह दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही? कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह आने वाले समय में भाजपा सरकार के घोटालों को लगातार उजागर करती रहेगी।
मंत्रियों पर गंभीर आरोपों की झड़ी
दीपक बैज ने भाजपा मंत्रियों पर कई संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि डिप्टी सीएम अरुण साव के विभाग में दो पुलों का टेंडर बिना प्रक्रिया के ठेकेदारों को दे दिया गया। मंत्री टँक राम वर्मा पर तहसीलदार के ट्रांसफर में करोड़ों की रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं। वहीं मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और लक्ष्मी राजवाड़े के विभाग में भी घोटालों की लंबी सूची है।
भ्रष्ट मंत्रियों पर कार्रवाई क्यों नहीं ?
बैज ने सवाल उठाया कि जब जेपी नड्डा को पता है कि उनके मंत्री और विधायक ठेकेदारों के साथ मिलकर कमीशन और घोटालों में लिप्त हैं, तो वे इन पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर ही भ्रष्टाचार की जड़ें फैली हुई हैं और इसे रोकने की कोई मंशा नहीं दिख रही।
ओपी चौधरी पर संरक्षण का आरोप
बैज ने मंत्री ओपी चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने छह अधिकारियों की भ्रष्टाचार की फाइलें तैयार कीं, लेकिन कार्रवाई की जगह उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने पूछा कि ऐसे मंत्रियों को अब तक पद से हटाया क्यों नहीं गया?


Share

Check Also

अम्बिकापुर@यूजीसी नियमों के खिलाफ स्वर्ण समाज का ऐलान,1 फरवरी को अंबिकापुर बंद

Share अम्बिकापुर,29 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। यूजीसी के नए नियमों के विरोध में प्रस्तावित 1 फरवरी …

Leave a Reply