
अंबिकापुर,29 जून 2025(घटती-घटना)। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी के पास रविवार की दोपहर बेकाबू कार ने सड़क किनारे घर में जा घुसी। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घर में बैठीं दो महिला व बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने चालक की बेदम पिटाई कर दी। वहीं कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। वहीं हादसे में घायल महिलाओं को बच्चों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाहन में चार चालक सहित चार लोग सवार थे। सभी मैनपाट की ओर से अंबिकापुर की ओर आ रहे थे। वाहन की गति काफी तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो दिया और कंठी के पास सड़क किनारे घर में जा घुसी। कार की चपेट में आने से हीरामणी राजवाड़े पति राकेश राजवाड़े उम्र 24 वर्ष ग्राम तेन्दुआ थाना पटना जिला कोरिया, इसका बेटा 5 वर्षीय आर्यन व सिवंती पति स्व. बालराम उम्र 60 वर्ष निवासी कंठी थाना दरिमा घायल है। इन सभी का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। घटना के दौरान महिलाएं बच्चों के साथ घर के आंगन में बैठीं थी। तभी तेज रफ्तार बेकाबू कार दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गया और दोनों महिलाएं व बच्चे कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धूत था। वहीं आक्रोशित लोगों ने कार चालक की धुनाई कर दी और कार को धक्का देकर सड़क पर लाकर पलट दिया। दरिमा पुलिस ने कार चालक बुध साय अगरिया पिता सोन साय अगरिया उम्र 28 वर्ष निवासी कुनिया थाना कमलेश्वरपुर के खिलाफ कार्रवाई की है।