अम्बिकापुर,11 जून 2025 (घटती-घटना)। दो नाबालिग सहेलियों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। दोनों सहेलियां गांव के अन्य लोगों के साथ एक सप्ताह से गर्मी सीजन का धान काटने रिश्तेदार के घर लालपुर गईं थीं। दोनों नाबालिग बालिकाएं मंगलवार की रात को खाना खाने के बाद खाट पर एक साथ सोईं थी। देर रात को दोनों पेट में दर्द, चक्कर व उल्टी होने की शिकातय परिजन से की। दोनों की स्थिति को देखते हुए परिजन इलाज के लिए केदमा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उदयपुर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां एक बालिका की मौत हो गई। वहीं दूसरे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां जांच के दौरान डॉक्टर ने इसे भी मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ेगांव चौकी केदमा निवासी चार युवतियां सुबासो,अंजनी,निर्मला और ललिता तथा एक युवक बीर सिंह बीते एक सप्ताह से गर्मी के सीजन में धान कटाई के लिए पास के गांव लालपुर गए थे। मंगलवार की रात को सभी रात 9 बजे खाना खाया और खाट पर सो गए। सुबासो पिता मिल साय मझवार उम्र 14 वर्ष व निर्मला पिता चंखारी मझवार उम्र 13 वर्ष दोनों आपस में सहेली थे। इस लिए दोनों एक खाट पर सोए थे। रात करीब एक बजे सुबासो की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगी। उसने अन्य सहेलियों को भी जगाया। तभी निर्मला ने भी चक्कर आने की शिकायत की। परिजनों ने तुरंत दोनों को केदमा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बनी रही, जिससे उन्हें सुबह करीब 6 बजे सीएचसी उदयपुर रेफर दिया। सीएचसी में कुछ ही देर बाद सुबासो की मौत हो गई। सीएचसी उदयपुर में सुबासो की मौत के बाद डॉक्टर ने निर्मला की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां जांच के दौरान सुबह करीब 7.30 बजे चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक साथ एक ही गांव के दो नबालिग सहेलियों की मौत से ग्राम केदमा में मातम पसारा हुआ है। दोनों बालिकाओं के शरीर पर किसी भी जीव के काटे जाने के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतकाओं के लक्ष्ण को देखते हुए परिजन व डॉक्टर सांप काटे जाने की आशंका जता रहे हैं। दोनों शवों का पीएम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद भी मौत के कारण का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर पीएम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है।
जहरीले जीव के काटने से बालिका की मौत
बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम गायबुड़ा निवासी सुनीता पिता सुरेश पहाड़ी कोरवा उम्र 6 वर्ष मंगलवार की रात को अपने दो छोटे भाइयों के साथ जमीन में बिस्तर लगाकर सोई थी। देर रात को वह कुछ काटे की जानकारी परिजन को दी। परिजन ने आस पास देखा तो कोई जीव दिखाई नहीं दिया। परिजन ने उसे इलाज के लिए बगीचा अस्पताल ले गए। यहां उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत का कारण सांप के काटने से बताया जा रहा है।
