- लोक निर्माण विभाग में अभी तक स्थायी प्रमुख अभियंता की नियुक्ति नहीं हो पाई
- पीएचई में नए प्रमुख अभियंता के लिए कवायद शुरू
रायपुर,30 मई 2025(ए)। जल संसाधन और लोक निर्माण विभाग में प्रमुख अभियंता, मुख्य अभियंता सहित कई पदों पर चालू प्रभार दिया जा रहा है। इसको लेकर कर्मचारियों में रोष है।
लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रमुख अभियंता ईएनसी का पद पिछले कई दिनों से रिक्त पड़ा है। यहां पर विजय कुमार भतपहरी कार्यकारी प्रमुख अभियंता हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ऐसा जानबूझकर किया जाता है, ताकि अपना गलत और सही काम में लिपापोती की जा सके। विभागीय मंत्री कार्यालय के अनुसार इस संबंध में शीघ्र ही डीपीसी बुलाई जाएगी। इसके पश्चात कोई स्थायी मुख्य अभियंता नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा बस्तर में भी एक नया मुख्यालय बना दिया गया है, यहां पर भी चालू प्रभार दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे कार्यक्षमता प्रभावित होती है। इसलिए स्थायी अधिकारियों को ही नियुक्ति किया जाना चाहिए। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा कई भवनों सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जिस पर बजट का एक बड़ा हिस्सा खर्च हो रहा है।जल संसाधन विभाग में भी इस समय चालू प्रभार से काम चलाया जा रहा है। यहां पर भी प्रमुख अभियंता टेकाम कार्यरत हैं। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में नालों का निर्माण तथा अन्य कार्य किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर जलाशय एवं अन्य कार्य किए जा रहे हैं।