कोरबा में जमकर गरजे सीएम विष्णु देव साय
उर्जाधानी कोरबा में भाजपा की विजय संकल्प रैली
महापौर और पार्षद उम्मीदवारों के लिए किया प्रचार
कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर जमकर साधा निशाना
कोरबा ,05 फरवरी 2025 (ए)।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कोरबा में आयोजित विजय संकल्प रैली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अपने भाषण में उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस के शासन में राज्य को सिर्फ लूटा गया।
शराब घोटाले पर बड़ा खुलासा
मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस शासन में हुए शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घोटाले में केवल मोहरे जेल गए हैं, जबकि असली गुनहगार अभी बाहर हैं। उन्होंने कहा, एक आदिवासी मंत्री को मोहरा बनाकर बलि का बकरा बनाया गया। वह खुद कहते हैं कि वे अनपढ़ हैं और जहां भी अधिकारियों ने दस्तखत करवाए, उन्होंने कर दिए। अब वह आदिवासी मंत्री पढ़े-लिखे भी नहीं रहे, लेकिन असली दोषी जल्द ही जेल में होंगे।
पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल को घोटालों का कार्यकाल बताया। उन्होंने कहा कि कोयला, बालू, शराब और डीएमएफ फंड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया। साय ने कहा कि सरकार बदलने के बाद भाजपा सरकार इन सभी मामलों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है और दोषियों को जेल भेज रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासन में जिन अधिकारियों ने भ्रष्टाचार में सहयोग किया, वे आज जेल में हैं। उन्होंने कहा, कई अधिकारी एक से डेढ़ साल से जेल में बंद हैं और उनकी जमानत बार-बार खारिज हो रही है।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
साय ने कहा कि कांग्रेस ने जनता के विश्वास को तोड़ा है और अब जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भाजपा सरकार को मजबूत करें ताकि राज्य में सुशासन कायम रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कवासी लखमा को मोहरा बताते हुए मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में बड़े नेताओं पर निशाना साधा। उनके इस बयान से कांग्रेस खेमें में चिंता बढ़ना तय माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस, साय बोले- अनपढ़ व्यक्ति को मंत्री बनाकर घोटाले में हस्ताक्षर कराए गए
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोरबा में आयोजित जनसभा में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रही शराब घोटाले की जांच को लेकर बयान दिया है. सीएम ने कहा कि अभी कई कांग्रेसी नेता जांच के दायरे में है
सीएम साय ने आरोप लगाया कि पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, जो खुद को अनपढ़ बताते हैं, पहले ही जेल में हैं.कांग्रेस शासनकाल में अनपढ़ व्यक्ति को आबकारी विभाग देकर उनसे करोड़ों के घोटाले में हस्ताक्षर कराए गए.
भ्रष्टाचार में शामिल लोग जेल जा रहे –
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार में शामिल रहे हैं, उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है. उन्होंने कोरबा की एक पूर्व कलेक्टर के जेल जाने का भी जिक्र किया.
सरकार की उपलब्धियां गिनाई
डॉ. भीमराव अंबेडकर मैदान में आयोजित इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है.
सीएम ने किया घोषणा पत्र का जिक्र
नगरीय निकाय चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बीजेपी के अटल जी के नाम पर जारी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए पार्टी के महापौर, अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों को जिताना जरूरी है.
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur