कोरिया,30 दिसम्बर 2024 (घटती-घटना)। महिलाओं की आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कोरिया मिलेट्स कैफे को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सोमवार को अम्बिकापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया। इस कैफे को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी सराहा जा चुका है।
बिहान योजना से बदली महिलाओं की किस्मत
कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बिहान योजना के तहत संचालित इस कैफे ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन को पूरी तरह से बदल दिया है। कैफे में कार्यरत 37 महिलाएं, जिन्हें दीदी कहा जाता है,अब लखपति की श्रेणी में आ चुकी हैं। बीते एक वर्ष में कैफे ने करीब 1.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जिसमें 30 लाख रुपये का शुद्ध लाभ महिलाओं ने अर्जित किया है।
प्रधानमंत्री की प्रशंसा
विगत माह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कैफे की प्रमुख संचालनकर्ता सुश्री हिना खान से संवाद किया और उनके प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास का एक आदर्श मॉडल बताया।
व्यापक आजीविका गतिविधियां
मिलेट्स कैफे के अलावा बिहान समूह की महिलाएं मसाला निर्माण, अचार, बड़ी, पापड़, चावल, दाल, टेराकोटा और सजी उत्पादन जैसी आजीविका गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। ये महिलाएं न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
उपमुख्यमंत्री की बधाई
सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा,कोरिया मिलेट्स कैफे महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें नई पहचान दिलाने में सफल रही है।
कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने अपने सन्देश में कहा कि कोरिया मिलेट्स कैफे स्वावलंबन की दिशा में अन्य महिला समूह के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी दीदियों को बधाई देते हुए कहा कठिन परिश्रम और लगन से ही यह सफलता हासिल हुई है। इसमें सभी की भागीदारी बढ़चढ़ कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur