- 31 दिसंबर 2024 को हो सकती है निकाय और पंचायत चुनाव की घोषणा…
- सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आचार संहिता के लिए गाइडलाइन…
- सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी के लिए कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य होगी…
रायपुर,26 दिसम्बर 2024 (ए)। राज्य सरकार ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जल्द ही चुनाव की घोषणा हो सकती है। सामान्य प्रशासन विभाग ने चुनाव आचार संहिता को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके अनुसार, चुनाव की घोषणा होते ही सरकारी नियुक्तियों और तबादलों पर रोक लग जाएगी।
31 दिसंबर 2024 को चुनाव तारीखों की घोषणा होने की संभावना है। यदि इस दिन घोषणा नहीं होती है, तो चुनाव प्रक्रिया एक महीने तक टल सकती है, क्योंकि 1 जनवरी से नई मतदाता सूची पर काम शुरू हो जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग जल्द चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत ने 14 पन्नों की गाइडलाइन जारी की है। स्पष्ट किया गया है कि चुनाव घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू होगी। इस दौरान सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों को अवकाश के लिए कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य होगी। वहीं, चुनाव के दौरान सरकार के मंत्री नई घोषणाएं नहीं कर सकेंगे। वे किसी भी भूमिपूजन या उद्घाटन कार्यक्रमों में हिस्सा भी नहीं ले सकेंगे।
मंत्रियों के लिए यह है निर्देश
गाइडलाइन में मंत्रियों के लिए भी कड़े निर्देश दिए गए हैं। मंत्री के निजी दौरों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल नहीं लगाया जाएगा। सरकारी रेस्ट हाउस में मंत्री केवल अधिकारियों और कर्मचारियों से ही मिल सकते हैं। निजी स्थान पर किसी से मिलने की अनुमति नहीं होगी।
13 नगर निगमों में कांग्रेस
राज्य के 14 में से 13 नगर निगमों में कांग्रेस के महापौर है। वर्ष 2019 में चुनाव हुए थे तब जगदलपुर की महापौर साफिरा साहू ने कांग्रेस से ही चुनाव जीता था। अब वह भाजपा में है। पिछली बार के चुनाव में पार्षदों ने महापौर का चुनाव किया था।छत्तीसगढ़ में इस दिन से लागू हो सकती है आचार संहिता
छत्तीसगढ़ में इस बार नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराने की पूरी तैयारी हो चुकी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्य सरकार के मंत्रियों ने कई मंचों पर इस योजना के संकेत दिए हैं। इसके लिए विधानसभा में नगरीय निकाय संशोधन विधेयक भी पारित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 31 दिसंबर 2024 तक आचार संहिता लागू हो सकती है और चुनाव आयोग जल्द ही तारीखों की घोषणा कर सकता है। राज्य में वन नेशन, वन इलेक्शन की तर्ज पर दोनों चुनावों को एक साथ कराने की योजना है। इसके पीछे मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी पहल का प्रभाव माना जा रहा है। राज्य सरकार इस घोषणा को प्रदेश में पहले ही लागू करने की इच्छुक है।
10 निगमों में होगा चुनाव
राज्य के 14 नगर निगमों में से 10 में चुनाव होगा। इनमें अंबिकापुर, धमतरी,कोरबा, बिलासपुर ,चिरमिरी, राजनांदगांव, जगदलपुर, रायगढ़, दुर्ग और रायपुर है। वहीं रिसाली, भिलाई, बीरगांव और भिलाई-चरोदा में अभी चुनाव नहीं है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur